झारसुगुड़ा (एजेंसी) (AkhandBharatHNKP.Com)। ओडिशा के झारसुगुड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि टेलिकॉम सेक्टर की शुरुआत हुई तो भारत पीछे रह गया था। सोशल मीडिया पर चुटकुले चलते थे। जानें क्या-क्या लिखा जाता था। अब भारत स्वदेशी 4जी टेक्नोलॉजी वाला पांचवां देश बन गया है। पीएम ने यहां 60 हजार करोड़ रुपए के कई बड़े रेल, एजुकेशन और हेल्थ प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की। साथ ही बीएसएनएल के स्वदेशी 4जी टेक्नोलॉजी की शुरुआत की।
ओडिशा में कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि डेढ़ साल पहले, विधानसभा चुनाव के दौरान, आप ओडिशावासियों ने एक नए संकल्प के साथ आगे बढऩे का संकल्प लिया था। ये संकल्प था- विकसित ओडिशा। आज हम देख रहे हैं कि ओडिशा डबल इंजन की रफ्तार से आगे बढ़ चला है। आज एक बार फिर, ओडिशा के विकास, देश के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम शुरू हुआ है। आज से, बीएसएनएल का एक नया अवतार भी सामने आया है। बीएसएनएल की स्वदेशी 4जी सेवाओं का शुभारंभ हो गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आगे कहा कि आज शुरू की गई ब्रह्मपुर-उधना अमृत भारत ट्रेन से गुजरात के उडिय़ा लोगों को लाभ होगा। भाजपा सरकार गरीबों की सेवा और उन्हें सशक्त बनाने वाली सरकार है। हम गरीबों, दलितों, पिछड़े वर्गों और आदिवासियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर देते हैं हमारी सरकार ने अब तक देश भर में 4 करोड़ से ज्यादा गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए हैं। ओडिशा में भी हजारों घरों के निर्माण का काम तेजी से चल रहा है।
हमारा संकल्प है कि भारत हर चीज में आत्मनिर्भर बने
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, हमारा संकल्प है कि भारत चिप से लेकर जहाजों तक, हर चीज में आत्मनिर्भर बने। देश का हर नागरिक चाहता है कि हमारा देश अब किसी पर निर्भर न रहे, इसलिए पारादीप से झारसुगुड़ा तक एक विशाल औद्योगिक क्षेत्र बनाया जा रहा है। हमने देश में जहाज निर्माण के लिए 70 हजार करोड़ रुपये के पैकेज को मंजूरी दी है, इससे भारत में 4.5 लाख करोड़ रुपये का निवेश आएगा। इससे युवाओं को बहुत फायदा होगा, लाखों रोजगार पैदा होंगे। पीएम मोदी ने इस दौरान अंत्योदय गृह योजना के अंतर्गत 50,000 लाभार्थियों को स्वीकृति आदेश वितरित किए, जिसका उद्देश्य विधवाओं, विकलांग व्यक्तियों और प्राकृतिक आपदाओं के पीडि़तों सहित कमजोर परिवारों को पक्के मकान और वित्तीय सहायता प्रदान करना है।
प्रधानमंत्री का ध्यान हमेशा ओडिशा के विकास पर : माझी
इससे पहले ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ध्यान हमेशा ओडिशा के विकास पर रहा है। आपके मार्गदर्शन और निर्देशन में ओडिशा प्रगति के पथ पर अग्रसर है… दुर्गा पूजा ओडिशा का एक बड़ा त्योहार है। आज कई परियोजनाएं शुरू होने जा रही हैं जैसे नई अमृत भारत ट्रेन, कौशल विकास परियोजनाएं, नया सेमीकंडक्टर पार्क आदि।

