कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। बालको के सेक्टर 6 स्थित जी- 9 बहुमंजिला आवास निर्माण प्रोजेक्ट पर वन विभाग ने रोक लगा दी है। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल द्वारा किए गए शिकायत के निराकरण होने तक डीएफओ कोरबा ने निर्माण कार्य बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि बालको के सेक्टर 6 स्थित जी 9 बहुमंजिला आवास निर्माण प्रोजेक्ट पर पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बालको ने सामान्य भूमि बताते हुए फर्जी अभिलेख प्रस्तुत किए। जबकि राजस्व रिकॉर्ड में यह भूमि जंगल-मद दर्ज है। ऐसी भूमि पर निर्माण के लिए राज्य और केंद्र सरकार की अनिवार्य अनुमति चाहिए। जिसे प्रबंधन ने जानबूझकर छिपाया। स्थल निरीक्षण में लगभग 440 पेड़ पाए गए, लेकिन बालको ने केवल 172 पेड़ बताकर भ्रामक रिपोर्ट तैयार करवाई। यह पर्यावरण संरक्षण अधिनियम एवं जैव विविधता अधिनियम का गंभीर उल्लंघन है। पूर्व मंत्री ने बताया कि 03 जून 2025 को एसडीएम द्वारा अनुमति निरस्त किए जाने के बाद भी बालको ने निर्माण कार्य जारी रखा, ड्रेनेज/नाला अवरुद्ध किया। सार्वजनिक मार्ग पर कब्जा बढ़ाया तथा बाउंड्रीवॉल निर्माण हेतु अतिक्रमण किया। यह प्रशासनिक आदेश की खुली अवमानना है। 17 नवंबर को भूमिपूजन आयोजित किया गया। जबकि भूमि जंगल मद है जिसकी अनुमति निरस्त है। पेड़-कटाई की संख्या फर्जी है। पूर्व मंत्री ने इसे जनता को गुमराह करने की सुनियोजित कोशिश बताया है।
प्रमुख मार्ग बंद होने से बढ़ी परेशानी
मिनीमाता चौक से इंदिरा मार्केट को जोडऩे वाला प्रमुख मार्ग बालको द्वारा बंद किया गया है, जिससे व्यापारियों, विद्यार्थियों, दैनिक यात्रियों और टाउनशिप निवासियों को भारी परेशानी हो रही है। बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए सार्वजनिक भूमि और ड्रेनेज लाइन पर अतिक्रमण कर जलभराव की स्थिति उत्पन्न की जा रही है तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँच रहा है।
डीएफओ कोरबा ने निर्माण कार्य बंद रखने दिए आदेश
वनमंडलाधिकारी कोरबा ने भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड बालको को शिकायत के निराकरण होने तक निर्माण कार्य बंद रखने के आदेश दिए हैं। आलुवालिया कंपनी को बालको में जी 9 बहुमंजिला अपार्टमेंट निर्माण के लिए अनुबंधित किया गया है। साथ ही डीएफओ के आदेश में कहा गया है कि शिकायत निराकरण के लिए वनमंडल के द्वारा समिति गठित की गई है। समिति की जांच उपरांत प्रतिवेदन के आधार पर निराकरण किया जाएगा।
बालको के निरंकुश कार्यशैली – पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र

