मुंगेली (AkhandBharatHNKP.Com)। मुंगेली में संपत्ति हड़पने के लिए छोटे भाई द्वारा बड़े भाई की हत्या कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रिटायर्ड शिक्षा अधिकारी दामोदर सिंह राजपूत (62) की हत्या सुपारी देकर कराई गई थी। उनके पास करीब 4 करोड़ रुपए की संपत्ति और 30 तोला सोना था, जिसे हथियाने के लिए साजिश रची गई।

मामला लालपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार हत्या के लिए गांव के ही एक युवक को 10 लाख रुपए और 50 डिसमिल जमीन देने की डील की गई थी, जिसमें से करीब साढ़े 4 लाख रुपए एडवांस भी दिए गए थे। वारदात में कुल 15 लोग शामिल थे। बताया जा रहा है कि 21 मार्च को आरोपियों ने दामोदर सिंह को दुर्गा पूजा के बहाने गांव झाफल बुलाया। रास्ते में सुनसान इलाके में गाड़ी रोककर गमछे से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को जंगल ले जाकर रेत में दफना दिया गया और गुमराह करने के लिए मोबाइल प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) भेजकर गंगा नदी में फिंकवा दिया जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक का अपने बेटे के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने पूरी साजिश रची। आरोपियों ने पहले भी 2025 में सड़क हादसे के जरिए हत्या की कोशिश की थी और फर्जी नोटरी दस्तावेज भी तैयार कराए थे।
लावारिस हालत में मिली बाइक
हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के दौरान कार खराब हो गई, जिसके बाद दूसरी गाड़ी मंगाकर शव को कवर्धा के जंगल में ले जाकर दफनाया गया। इधर, दामोदर सिंह के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने तलाश शुरू की और उनकी बाइक लावारिस हालत में मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
सभी आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के दौरान वाहन मालिक से पूछताछ कर संदेह के आधार पर एक आरोपी को हिरासत में लिया, जिसने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। मामले में छोटे भाई रणजीत, साला पालेश्वर सिंह और चचेरे भाई रामपाल राजपूत सहित अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक पूर्व कांग्रेस नेता, परिवार के सदस्य और 4 नाबालिग शामिल हैं। आरोपियों के पास से 2 कार, बाइक, मोपेड और 96 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। सभी वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

