नई दिल्ली (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद बंगाल से टीएमसी की विदाई तय है। शनिवार के रोड शो में जनता ने जो प्यार दिया, उसे वे कभी नहीं भूलेंगे और आज की जनसभा टीमसी की नींद उड़ा देगी।
पश्चिम बंगाल दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी ने सिलीगुड़ी से दार्जिलिंग जिले की पांच और जलपाईगुड़ी जिले की सात सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार ने मदरसों के लिए 6000 करोड़ रुपये दिए, लेकिन क्षेत्र के विकास के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केवल अपने खास वोट बैंक को ध्यान में रखकर काम करती है। मोदी ने कहा कि जनता ने टीएमसी के शासनकाल में बंगाल की बदहाली देखी है और अब पार्टी को 15 साल का हिसाब देना होगा।
CAA का भी किया जिक्र
सभा के दौरान प्रधानमंत्री ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) का भी उल्लेख किया। उन्होंने ‘कमल खिलाओ, घुसपैठिया भगाओ’ का नारा लगाते हुए कहा कि टीएमसी सरकार निर्मम है, लेकिन केंद्र सरकार ने CAA के जरिए लोगों को अधिकार और सुरक्षा की गारंटी दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने चाय उत्पादकों और श्रमिकों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पड़ोसी राज्य असम में भाजपा सरकार ने चाय बागान मजदूरों के बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए बड़े काम किए हैं। वहां श्रमिकों को भूमि पट्टे दिए जा रहे हैं और बंगाल में भी भाजपा सरकार बनने पर श्रमिक परिवारों को भूमि पट्टे दिए जाएंगे।

