जेल वार्ड में कैदी को वीआईपी ट्रीटमेंट, 2 जेल प्रहरी सस्पेंड

      Date:

      सरगुजा (AkhandBharatHNKP.Com)। अंबिकापुर सेंट्रल जेल से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक कैदी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड में विशेष सुविधाएं दिए जाने का खुलासा हुआ है। मामले का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया।

          जानकारी के अनुसार जेल वार्ड में भर्ती कैदी को न केवल परिजनों से मिलने-जुलने की खुली छूट थी, बल्कि उनके साथ रहने की भी अनुमति दी गई थी। इस दौरान मोबाइल फोन, घर का खाना और मिनरल वाटर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही थीं, जो जेल नियमों के विपरीत हैं। शिकायत मिलने पर जेल सुपरिटेंडेंट अक्षय सिंह राजपूत ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल स्थित जेल वार्ड का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वार्ड का ताला खुला पाया गया और नियमों का उल्लंघन सामने आया। इस पर कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात दो जेल प्रहरियों जयप्रकाश कुजूर और लोकनाथ निषाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

          प्रशासन ने परिजनों की एंट्री पर लगाई रोक 

          बताया जा रहा है कि मनेंद्रगढ़ जेल से हत्या के प्रयास के आरोप में बंद 61 वर्षीय कैदी गुरुबख्श सिंह को अंबिकापुर सेंट्रल जेल लाया गया था। उसकी गंभीर तबीयत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों द्वारा जारी मेडिकल सर्टिफिकेट के आधार पर परिजनों को अटेंडेंट के रूप में आने-जाने और साथ रहने की अनुमति दी गई थी। हालांकि इस छूट का दुरुपयोग करते हुए परिजन जेल नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। मामले के उजागर होने के बाद प्रशासन ने परिजनों की एंट्री पर रोक लगा दी है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related