कृषि मंत्री का रिश्तेदार बताकर 22.70 लाख की ठगी

      Date:

      रायगढ़ (AkhandBharatHNKP.Com)। मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने खुद को कृषि मंत्री का रिश्तेदार बताते हुए चार लोगों से कुल 22 लाख 70 हजार रुपए ठग लिए। फर्जी नियुक्ति पत्र देने के बाद जॉइनिंग के नाम पर लगातार टालमटोल किया जाता रहा। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

          पुलिस के अनुसार रामभांठा निवासी समारू राम टंडन (51) की मुलाकात अप्रैल 2025 में रायपुर के जयस्तंभ चौक के पास महासमुंद जिले के भद्ररसी निवासी कुमार राम ठाकुर (60) और उसकी पत्नी सोहद्रा बाई ठाकुर (55) से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को कृषि मंत्री का बहनोई बताते हुए मंत्रालय में अच्छी पकड़ होने का दावा किया और सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद समारू राम टंडन ने अपने बेटे के लिए डाटा एंट्री ऑपरेटर पद पर नौकरी दिलाने के लिए आरोपी को राशि देना शुरू किया। साथ ही उनके परिचित पिंटू लहरे, राजेश साहू और सुशील चौहान के बेटे लोकनाथ चौहान ने भी नौकरी के लिए अपने-अपने बायोडाटा भेजकर पैसे दिए।

          आरोपी ने शुरुआत में समारू से 4 लाख रुपए नकद लिए, जबकि अन्य रकम ऑनलाइन माध्यम से मंगवाई गई। इसके बाद 1 दिसंबर 2025 को सभी को भद्ररसी स्थित अपने घर बुलाकर नियुक्ति पत्र दिखाया और शेष रकम की मांग की। 8 दिसंबर को दोबारा बुलाकर करीब 8 लाख 77 हजार 500 रुपए और ले लिए गए। आरोपी ने 12 दिसंबर 2025 को मंत्रालय में जॉइनिंग कराने का भरोसा दिया, लेकिन उसी दिन फोन कर विधानसभा सत्र का हवाला देते हुए नियुक्ति पर रोक लगने की बात कही और एक सप्ताह बाद जॉइनिंग कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी वह लगातार टालमटोल करता रहा। जब पीडि़त पक्ष ने दबाव बनाया तो आरोपी दंपती और उनके साथी ने गाली-गलौज करते हुए रकम लौटाने से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद खुद को ठगा महसूस करते हुए समारू राम टंडन ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

          पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

          कोतवाली थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) और 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।

          फर्जी निवेश कंपनी बनाकर 38 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related