नालंदा (एजेंसी)। बिहार के नालंदा जिले के मघड़ा गांव स्थित माता शीतलाष्टमी मंदिर में मंगलवार सुबह भगदड़ मचने से 8 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद प्रशासन ने मंदिर परिसर और मेले को तत्काल बंद करा दिया।

मिली जानकारी के अनुसार चैत्र माह के अंतिम मंगलवार और शीतला अष्टमी के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। दर्शन के लिए जल्दबाजी में लोग एक-दूसरे से आगे निकलने का प्रयास कर रहे थे, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और भगदड़ मच गई। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर का गर्भगृह छोटा है और आने-जाने के लिए एक ही रास्ता है। अधिक भीड़ होने के कारण व्यवस्था बिगड़ गई। श्रद्धालुओं का कहना है कि अधिकांश लोग लाइन में लगने के बजाय जल्द से जल्द दर्शन करने की कोशिश कर रहे थे, जिससे स्थिति बेकाबू हो गई।
शीतला अष्टमी के दिन होती है विशेष पूजा
उल्लेखनीय है कि यह मंदिर बिहारशरीफ से करीब 5 किलोमीटर दूर मघड़ा गांव में स्थित है, जहां शीतला अष्टमी के दिन विशेष पूजा होती है। इस दिन श्रद्धालु एक दिन पहले बने ठंडे भोजन का भोग माता को अर्पित करते हैं, जिसके चलते हर वर्ष यहां बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ती है।

