कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा वनमंडल और कटघोरा वनमंडल में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाथियों के झुंड ने किसानों की धान की फसलों को रौंद दिया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश है। कई गांवों में लोग रातभर जागकर अपनी फसलों और घरों की निगरानी कर रहे हैं।
कोरबा वन मंडल के करतला और बालकोनगर रेंज में हाथियों का दल सक्रिय है। बालको रेंज में 12 हाथियों का एक दल ग्राम सराईपाली में 10 ग्रामीणों के फसलों रौंदने के बाद ग्राम सोनगुड़ा पहुंच गया है। वहीं, करतला रेंज के ग्राम बोड़ाझाप में मौजूद हाथी अब सेंद्रीपाली के जंगल में डेरा डाले हुए हैं। वन विभाग हाथियों के किए गए नुकसान का आकलन कर रहा है। हाथियों के अजगरबहार क्षेत्र की ओर बढऩे की संभावना है, जिसके मद्देनजर वहां के वन कर्मचारियों को सतर्क कर दिया गया है। उन्हें हाथियों की निगरानी करने और क्षेत्र में मुनादी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल
ऐतमा परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत पचरा में हाथियों के अचानक पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए ग्रामीण रात में जागने को मजबूर हैं। वे कई स्थानों पर आग जलाकर हाथियों की निगरानी कर रहे हैं और उन्हें आबादी से दूर खदेडऩे का प्रयास कर रहे हैं।

