ओपी बोले- कांग्रेस डूबती हुई नाव, इसका डूबना तय
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। नए विधानसभा भवन में शीतकालीन सत्र की शुरूआत आज से शुरू हो गई है। पहले दिन कांग्रेस ने बहिष्कार किया है। इस पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस डूबती हुई नाव है। इस नाव का डूबना तय है। इसलिए सत्ता पक्ष और भारतीय जनता पार्टी पूरी जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ रही है। विधायक अजय चंद्राकर ने सदन की कार्यवाही को लेकर कुछ चीजों पर असहमति जताई। उन्होंने कहा कि विधानसभा में आज नई प्रक्रिया की शुरुआत हुई। बहस और चर्चा किस मुद्दे पर करनी है? इसका सवाल-जवाब कैसे होगा? तय होना चाहिए। विजन डॉक्यूमेंट के लिए सीएम और वित्त मंत्री को बधाई।
सदन में विजन 2047 पर चर्चा हो रही है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि विजन 2047 विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में एक ठोस रोडमैप है, जिसे समाज के हर वर्ग से मिले सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि करीब एक लाख लोगों की सलाह इस विजन में शामिल की गई है। ओपी चौधरी ने आगे कहा कि भारत युवा आबादी वाला देश है और आगे बढऩे के लिए स्पष्ट विजन होना जरूरी है। उन्होंने कहा आज भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और 2047 तक यह 64 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है। इससे वर्तमान पीढ़ी को विकास के बड़े अवसर मिलेंगे। वित्त मंत्री ने कहा कि इसी सोच के तहत छत्तीसगढ़ के लिए भी विकास का विजन तैयार किया गया है। विजन 2047 का उद्देश्य महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी को कम करना, शिशु मृत्यु दर में सुधार लाना और कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र की विकास दर को बढ़ाना है। इसके साथ ही राज्य में राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों की स्थापना और रोजगार सृजन पर आधारित नीतियों को लागू करने की योजना है, जिससे छत्तीसगढ़ को समग्र विकास की राह पर आगे बढ़ाया जा सके।
छत्तीसगढ़ की विधानसभा ने कई कीर्तिमान स्थापित किए : मुख्यमंत्री

