नादिया रैली को कोलकाता से पीएम मोदी ने किया वर्चुअली संबोधित
कोलकाता (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोलकाता एयरपोर्ट से नादिया जिले के राणाघाट में आयोजित कार्यक्रम को फोन से वर्चुअली संबोधित किया। बता दें कि घने कोहरे के कारण व दृश्यता कम होने की वजह से पीएम मोदी का हेलीकॉप्टर फतेहपुर हेलीपैड पर उतरने में असफल रहा। हेलीकॉप्टर कुछ समय हेलीपैड के ऊपर मंडराने के बाद वापस कोलकाता हवाई हड्डे पर लौट गया। पीएम मोदी ने खराब मौसम के कारण रैली स्थल तक नहीं पहुंच पाने पर लोगों से माफी भी मांगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभा को वर्चुअली संबोधन में महान साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय को नमन करते हुए कहा कि वंदे मातरम ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष का मंत्र था। पीएम मोदी ने कहा वंदे मातरम को राष्ट्र निर्माण का मंत्र बनाना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार देश के नागरिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। उन्होंने कहा कि जीएसटी ने बंगाल समेत पूरे देश के लोगों को बड़ी राहत दी है और दुर्गा पूजा और अन्य त्योहारों के दौरान देशभर के लोग इससे काफी लाभान्वित हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया कि बंगाल में घुसपैठियों को टीएमसी का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहाकि गंगा बिहार से होकर बंगाल तक जाती है और बिहार ने बंगाल को रास्ता दिखाया है। बंगाल को जंगलराज से मुक्त होना होगा। प्रधानमंत्री ने दोहराया कि वे पूरे दिल से बंगाल के लोगों के लिए समर्पित हैं और राज्य के लिए फंड और नीतियों की कोई कमी नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन से पहले 3,200 करोड़ रुपये के नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन भी किया।
बंगाल के लोग टीएमसी के कुशासन से परेशान
बंगाल पहुंचने से पहले मोदी ने बंगाल की ममता सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- बंगाल के लोगों को केंद्र सरकार की कई स्कीमों का फायदा मिल रहा है, लेकिन वे तृणमूल कांग्रेस के कुशासन से परेशान हैं। पीएम ने लिखा- बंगाल में तृणमूल की जनता से लूटपाट और डराने-धमकाने की सारी हदें पार हो गई हैं। इसलिए आज बीजेपी ही लोगों की एकमात्र उम्मीद है।

