नई दिल्ली (एजेंसी)। ईवीएम पर मतदाताओं के विश्वास को लेकर कर्नाटक में सर्वे किया गया। इस सर्वे में कर्नाटक निगरानी एवं मूल्यांकन प्राधिकरण के 5,100 मतदाताओं में 85 प्रतिशत लोगों ने ईवीएम पर भरोसा जताया और 2024 लोकसभा चुनाव को स्वतंत्र-निष्पक्ष बताया।
सर्वे को लेकर भाजपा कांग्रेस की वोट चोरी वाली थ्योरी पर करारा जवाब बताया तो दूसरी ओर आईटी मंत्री प्रियांक खर्गे ने सर्वे को राज्य सरकार से अलग बताते हुए इसकी डिजाइन, संचालन करने वाली एजेंसी और नमूने के आकार पर सवाल उठाए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इसे राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत या आदेशित नहीं किया गया था। इस सर्वे पर भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख बीवाई विजयेंद्र ने एक्स पर खुशी जताते हुए पोस्ट किय कि कांग्रेस की वोट चोरी एक बार फिर बेनकाब हो गई! कर्नाटक सरकार द्वारा प्रकाशित सर्वेक्षण रिपोर्ट स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि हमारे लोगों का एक बड़ा बहुमत मानता है कि भारत में चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से आयोजित किए जाते हैं।
भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे विजयेंद्र ने कहा कि यह राहुल गांधी पर सीधा प्रहार है, जो बार-बार चुनावी विफलताओं को स्वीकार करने में असमर्थ होकर वोट चोरी का नारा गढऩे और चुनाव आयोग पर संदेह पैदा करने वाला एक लापरवाह अभियान शुरू करने का विकल्प चुना।

