4-सी श्रेणी और नाइट लैंडिंग को मिली हरी झंडी
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। बिलासपुर के हवाई संपर्क को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के प्रयासों से एयरपोर्ट विस्तार के लिए 290.80 एकड़ भूमि का आवंटन और 50.60 करोड़ की राशि स्वीकृत कर दी गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने केंद्रीय नगर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू से मिलकर उनका आभार जताया है।
इस विस्तार के तहत एयरपोर्ट को 4-सी श्रेणी में अपग्रेड किया जाएगा, जिससे बड़े वाणिज्यिक विमानों का संचालन संभव हो सकेगा। फरवरी-मार्च से नाइट लैंडिंग की सुविधा भी शुरू होने की उम्मीद है। परियोजना में रनवे के विस्तार और एक नए टर्मिनल भवन के निर्माण को भी सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। इस बड़ी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार
केन्द्रीय मंत्री तोखन साहू ने सेना के आधिपत्य वाली जमीन को राज्य शासन को हस्तांतरित करने में उनके त्वरित सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही साथ विष्णुदेव साय का आभार जताया। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से राशि जारी करने और प्रशासनिक अड़चनों को दूर करने के लिए उनकी तत्परता की सराहना की।
उन्होंने नगर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू का विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने बिलासपुर की मांग को प्राथमिकता दी और 4-सी श्रेणी की मंजूरी प्रदान की। मंत्री साहू ने विश्वास जताया कि एयरपोर्ट के इस विस्तार से बिलासपुर संभाग में निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उनका मानना है कि यह पहल पूरे छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी।
डबल इंजन की सरकार से सभी को फायदा : केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू

