नियम बदलने का आरोप, जिले से आवेदन के शर्त पर उठाए सवाल
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर युवाओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में बिलासपुर में सैकड़ों प्रतियोगी भर्ती नियमों में अचानक किए गए बदलाव के विरोध में पैदल मार्च करते हुए रायपुर के लिए रवाना हो गए। युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और नियमों को गलत तरीके से बदलने का आरोप लगाया है।
प्रतियोगियों का कहना है कि भर्ती की शुरुआत से ही नियमों को लेकर स्पष्टता नहीं बरती गई। अब प्रक्रिया के बीच में नए नियम लागू कर दिए गए हैं, जिससे कई अभ्यर्थी अयोग्य घोषित हो गए। विरोध कर रहे युवाओं ने पुलिस लाइन से हाथों में तख्तियां लेकर पदयात्रा शुरू की और नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को शासन तक पहुंचाने की बात कही।
फॉर्म भरते समय नियम कुछ और, अब बदले
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आवेदन के समय यह जानकारी दी गई थी कि उम्मीदवार किसी भी जिले से फॉर्म भर सकते हैं। लेकिन अब नियम बदलकर जिले की शर्त लागू कर दी गई है। इससे बड़ी संख्या में प्रतियोगियों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। युवाओं का सवाल है कि यदि नियम पहले से तय थे, तो भर्ती प्रक्रिया शुरू करने से पहले उन्हें स्पष्ट क्यों नहीं किया गया।
राजधानी में धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
प्रतियोगियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो वे रायपुर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। युवाओं का कहना है कि वे किसी विशेष छूट की मांग नहीं कर रहे, बल्कि केवल एक पारदर्शी, निष्पक्ष और भरोसेमंद भर्ती प्रक्रिया चाहते हैं।
छत्तीसगढ़ : कांस्टेबल भर्ती में गड़बड़ी, बड़ी संख्या में हाईकोर्ट पहुंचे कैंडिडेट्स

