स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दिया एक सप्ताह में भुगतान का आश्वासन
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में आज यानि 30 जनवरी को निजी अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। निजी अस्पताल एसोसिएशन ने करीब 1500 करोड़ रुपये से अधिक की लंबित भुगतान राशि का हवाला देते हुए विरोध स्वरूप एक दिन के लिए योजना से इलाज नहीं करने का निर्णय लिया है।
निजी अस्पतालों का कहना है कि आज आयुष्मान योजना के तहत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को शनिवार तक का समय दिया जाएगा। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आगामी दिनों में और कड़े कदम उठाए जा सकते हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने माना कि भुगतान में देरी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बकाया राशि पिछली सरकार के कार्यकाल की थी, जिसका पूरा भुगतान किया जा चुका है। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के अनुसार मार्च के बाद के सभी दावों का भुगतान भी कर दिया गया है।
इलाज बंद न करने की अपील
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने निजी अस्पताल संचालकों से अपील करते हुए कहा कि शेष लंबित भुगतान एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज बंद न किया जाए, ताकि गरीब और जरूरतमंद मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

