रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। नवा रायपुर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राखी में प्रदेश के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर भारत के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्र का उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम में शुभांशु शुक्ला ने बच्चों के साथ संवाद किया और अंतरिक्ष से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। छात्रों में उन्हें देखने और सुनने को लेकर खास उत्साह देखा गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह अंतरिक्ष केंद्र राज्य के बच्चों के लिए नए सपनों का रास्ता खोलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि अब विद्यार्थी अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक को पास से समझ पाएंगे और इस क्षेत्र में आगे बढ़ सकेंगे। बता दें कि रायपुर में स्थापित यह अंतरिक्ष केंद्र आधुनिक सुविधाओं से लैस है। यहां बच्चों को सैटेलाइट बनाने, उसकी जांच करने और उसे ट्रैक करने की ट्रेनिंग दी जाएगी। केंद्र में लैब, ग्राउंड स्टेशन और कंट्रोल सेंटर जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।
युवाओं को मिलेगी नई दिशा
जिला प्रशासन रायपुर और आईडीवाईएम फाउंडेशन ने मिलकर प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी शुरू किया है, जिसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को विज्ञान और अंतरिक्ष तकनीक में नई दिशा देना है। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप और तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत भी मौजूद थे, वहीं बड़ी संख्या में छात्र और शिक्षक भी उपस्थित रहे।
शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा
शुभांशु शुक्ला तीन अन्य यात्रियों के साथ एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने 25 जून 2025 को उड़ान भरी थी। विंग कमांडर राकेश शर्मा के बाद शुभांशु शुक्ला दूसरे भारतीय अंतरिक्ष यात्री हैं। उन्होंने लगभग 20 दिन अंतरिक्ष में बिताए और इस दौरान 60 से अधिक प्रयोग किए, जिनमें जैवचिकित्सा विज्ञान, तंत्रिका विज्ञान, कृषि, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और उन्नत सामग्री विज्ञान जैसे क्षेत्र शामिल थे। शुभांशु 14 जुलाई 2025 को पृथ्वी पर सुरक्षित लौटे।
शुभांशु शुक्ला की उपलब्धि देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी : सीएम

