बलरामपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। बलरामपुर जिले के हंसपुर गांव में प्रशासनिक अधिकारियों पर ग्रामीणों के साथ मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। घटना में घायल एक बुजुर्ग ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य का उपचार जारी है। मामला कोरंधा थाना क्षेत्र का है। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने करीब चार घंटे तक चक्काजाम किया और आज कुसमी बंद का आह्वान किया गया है।
कुसमी के एसडीएम करूण डहरिया, विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजीत कुमार यादव और सुदीप यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। हालांकि नायब तहसीलदार पारस शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। बताया गया है कि वे विवाद बढऩे की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे और मारपीट में शामिल नहीं थे।
मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए इसे जंगलराज करार दिया और आरोप लगाया कि जिन अधिकारियों का दायित्व अवैध खनन रोकना है, वही तस्करों को संरक्षण दे रहे हैं। देवेंद्र यादव ने कहा कि बॉक्साइट खनन के नाम पर खेत से लौट रहे ग्रामीणों के साथ मारपीट की गई, जो बेहद निंदनीय है। मामले में विष्णुदेव साय ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर के अनुसार, आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा चुका है।
ये है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार रविवार देर शाम राजस्व टीम हंसपुर गांव पहुंची थी जहां बॉक्साइट के अवैध उत्खनन की शिकायत मिली थी। ग्रामीणों ने कथित रूप से अवैध खनन में लगी एक ट्रक को पकड़ा था। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बाद देर रात करीब 2 बजे सरना स्थल के पास तीन ग्रामीणों को रोका गया और उनके साथ मारपीट की गई। घायलों के अनुसार, वे गेहूं के खेत में सिंचाई कर घर लौट रहे थे, तभी एसडीएम की गाड़ी और एक अन्य वाहन में सवार 6-7 लोगों ने उन्हें रोककर पूछताछ की और लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से पीटा।
आरोप है कि तीनों को जबरन वाहन में बैठाकर कुसमी ले जाया जा रहा था तभी रास्ते में एक ग्रामीण की तबीयत बिगड़ गई। जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केद्र कुसमी में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान 60 वर्षीय राम नरेश राम की मौत हो गई। अन्य दो घायल अजीत उरांव (60) और आकाश अगरिया (20) का उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है।

