देश में ऊर्जा संकट के समय धैर्य और एकजुटता की जरूरत, राजनीतिक दल और आम जनता की जिम्मेदारी
नई दिल्ली (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एनएक्सटी समिट में कहा कि एलपीजी को लेकर कुछ लोग जानबूझकर डर फैला रहे हैं और इससे अपना एजेंडा चलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि एलपीजी की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात चुनौतीपूर्ण हैं और युद्ध की वजह से दुनिया भर में ऊर्जा संकट की स्थिति बनी है। ऐसे समय में देश को शांति और धैर्य के साथ परिस्थितियों का सामना करना होगा। उन्होंने हर व्यक्ति, राजनीतिक दल, मीडिया, सामाजिक संस्थाओं और आम लोगों की जिम्मेदारी पर जोर दिया। मोदी ने कोरोना महामारी का उदाहरण देते हुए कहा कि जब पूरा देश एकजुट होकर काम करता है तो बड़ी से बड़ी मुश्किल भी आसान हो जाती है। उन्होंने कहा कि आज देश के सामने एक और चुनौती है, जिसे मिलकर ही पार किया जा सकता है।

