रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में चार जिलों के पुलिस अधीक्षकों के इंडक्शन ट्रेनिंग पर जाने के चलते पुलिस मुख्यालय ने प्रभारी एसपी की नियुक्ति की है। इस संबंध में आदेश डीजीपी अरुण देव गौतम के निर्देश पर जारी किया गया है।

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार आईपीएस अधिकारी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा (रायपुर ग्रामीण), विजय पांडेय (जांजगीर-चांपा), पंकज चंद्रा (कोंडागांव) और वेदव्रत सिरमौर (गरियाबंद) को इंडक्शन ट्रेनिंग के लिए चयनित किया गया है। यह प्रशिक्षण हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आयोजित होगा। इन अधिकारियों की अनुपस्थिति में रायपुर ग्रामीण की जिम्मेदारी मनीषा ठाकुर रावटे, जांजगीर-चांपा का प्रभार विमल कुमार बैस, कोंडागांव की कमान त्रिलोक बंसल और गरियाबंद में नीरज चंद्राकर को सौंपी गई है। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनिंग अवधि के दौरान ये प्रभारी अधिकारी संबंधित जिलों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने सहित एसपी के सभी दायित्वों का निर्वहन करेंगे। यह व्यवस्था मूल अधिकारियों के ट्रेनिंग से लौटने तक प्रभावी रहेगी।
आधुनिक पुलिसिंग के लिए ट्रेनिंग अहम
उल्लेखनीय है कि आईपीएस अधिकारियों के लिए इंडक्शन ट्रेनिंग को करियर का महत्वपूर्ण चरण माना जाता है। लगभग डेढ़ माह तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में अधिकारियों को आधुनिक पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था प्रबंधन और प्रशासन के नए पहलुओं से अवगत कराया जाता है।

