महासमुंद (AkhandBharatHNKP.Com)। ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र ले जाए जा रहे गांजा की बड़ी खेप को महासमुंद पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3 क्विंटल गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है।

पहली कार्रवाई में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो लग्जरी वाहनों फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो में भारी मात्रा में गांजा लोड कर ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनएच-53 पर रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ ही देर में संदिग्ध फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो मौके पर पहुंचीं, जिन्हें रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान दोनों वाहनों में रखी बोरियों से कुल 281.900 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की कीमत करीब 1.40 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान प्रशांत शंकर गोली (38), क्षितिज वीर सेन (21), अक्षय नंदकुमार निगम (27), अभिषेक डेविड जगले (26) और महेश काटकर (39) के रूप में बताई, जो महाराष्ट्र के सतारा जिले के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि गांजा ओडिशा के फुलबानी से लाकर पुणे ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों से दो लग्जरी वाहन और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में कुल करीब 2 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।
दूसरी कार्रवाई में 22 किलो गांजा जब्त
इसी क्रम में पुलिस ने महासमुंद के नयापारा क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गांजा बेचने की फिराक में गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 22 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 11 लाख रुपए बताई जा रही है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान ओडिशा के गंजाम जिले निवासी सत्यबान नायक (27) और विकास बेहरा (18) के रूप में हुई है। दोनों रेलवे स्टेशन के पास छिपियापारा इलाके में एक झोपड़ी में बैठकर ग्राहक तलाश रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी अधिक कीमत पर गांजा बेचने के उद्देश्य से गंजाम से महासमुंद आए थे। उनके पास से गांजे के साथ दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
ड्राई फ्रूट्स, पैकर्स एंड मूवर्स की आड़ में तस्करी, 6.85 क्विंटल गांजा जब्त, 13 गिरफ्तार

