बलरामपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। बलरामपुर नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) प्रणव राय का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ऑडियो में सीएमओ द्वारा पार्षदों के लिए आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है। साथ ही जनप्रतिनिधियों को चुनौती देते हुए कथित तौर पर कहा गया है कि उनका ट्रांसफर कराने की किसी की औकात नहीं है।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद गौतम सिंह ने सीएमओ पर कार्यों में अनियमितता के आरोप लगाए थे। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों ने उनके व्यवहार को लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री से शिकायत भी की थी। आरोप है कि इन घटनाओं के बाद सीएमओ पार्षदों पर नाराज हो गए। हालांकि, सीएमओ प्रणव राय ने वायरल ऑडियो को एआई जनरेटेड बताते हुए आरोपों को खारिज किया है।
ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं
वायरल ऑडियो की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों ने सीएमओ की कार्यप्रणाली और व्यवहार को लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री से शिकायत कर उनके स्थानांतरण की मांग की है। इसी क्रम में पार्षदों द्वारा सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया गया है। आरोप है कि नगर पालिका के एक टैंकर को निर्धारित शासकीय प्रक्रिया का पालन किए बिना बेच दिया गया। इस मामले में बलरामपुर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
पार्षदों में आक्रोश
पार्षद अमित गुप्ता मंटू ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कार्यकर्ताओं को परिवार मानते हैं, वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जनप्रतिनिधियों को सम्मान देते हैं। ऐसे में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए इस तरह की कथित टिप्पणी निंदनीय है। उन्होंने सीएमओ पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

