कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर 6 अप्रैल को भाजपा जिला मुख्यालय पं. दीनदयाल कुंज, टीपी नगर में भव्य एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत ध्वजारोहण से हुई, इसके पश्चात आयोजित गोष्ठी में पार्टी की विचारधारा और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में उद्योग एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, जिला महामंत्री संजय शर्मा व अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय को झालरों, रंगोली और दीपों से आकर्षक रूप से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय वातावरण में नजर आया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने भाजपा के गौरवशाली इतिहास, विचारधारा तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित किया।

नेताओं ने बताया कि स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कार्यकर्ता अपने-अपने घरों में पार्टी का ध्वज फहराएंगे तथा गांव चलो-बस्ती चलो अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क करेंगे। इस दौरान आमजन को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा और स्वच्छता सहित विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी के नेताओं ने संघर्ष जारी रखा
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी। इससे पहले पार्टी भारतीय जनसंघ के रूप में कार्यरत थी, जिसकी स्थापना 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने की थी। जनसंघ को आगे बढ़ाने में पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा गया कि उस दौर में विपक्षी नेताओं को जेल भेजा गया, लेकिन लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी नेताओं ने संघर्ष जारी रखा।
स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया
वक्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। एक वोट से सरकार गिरने के बावजूद उन्होंने सत्ता के लिए गलत रास्ता अपनाने से इंकार किया। उनके कार्यकाल में भारत ने परमाणु शक्ति के रूप में अपनी पहचान मजबूत की और कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए।
मोदी सरकार की उपलब्धियों पर दिया जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए फैसलों की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कश्मीर से धारा 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण और देशभर में आधारभूत ढांचे के विस्तार को प्रमुख उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में उभरी है और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंच रहा है, जिससे गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग सशक्त हो रहे हैं।
भाजपा ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए किया काम : गोपाल मोदी

