कोलकाता (एजेंसी)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर शनिवार को सियासी बयानबाजी तेज हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व वर्धमान और मुर्शिदाबाद में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला, वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने झारग्राम और केशियारी में जनसभाओं के दौरान भाजपा को बंगाल विरोधी बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व वर्धमान के कटवा में कहा कि बंगाल अब बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि उनकी गारंटी राज्य में भय और भ्रष्टाचार के माहौल को खत्म कर भरोसे का वातावरण बनाने की है। मुर्शिदाबाद के जंगीपुर में पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की जनता अब टीएमसी के अहंकार को चकनाचूर करेगी। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद अंग्रेजों, कांग्रेस और वामपंथियों का अहंकार टूटा, अब तृणमूल की बारी है। मोदी ने आरोप लगाया कि जनता ने ‘मां, माटी और मानुष’ के नारे पर भरोसा कर टीएमसी को मौका दिया था, लेकिन सत्ता में आते ही पार्टी वामपंथियों की कार्बन कॉपी बन गई। उन्होंने कहा कि राज्य में गुंडाराज, भ्रष्टाचार और तस्करी को बढ़ावा मिला है।
भाजपा को अपने घर में घुसने मत दीजिए
दूसरी ओर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा बंगाल विरोधी है और बाहरी लोगों की राजनीति करती है। उन्होंने लोगों से कहा कि भाजपा को अपने घर में घुसने मत दीजिए। केशियारी की सभा में ममता ने दावा किया कि भवानीपुर से उनकी उम्मीदवारी रद्द कराने के लिए झूठे हलफनामे दाखिल किए गए थे। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा उनके खिलाफ ऐसा कर सकती है तो आम लोगों के खिलाफ क्या कर सकती है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। बंगाल चुनाव के बीच दोनों प्रमुख दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है और आने वाले दिनों में प्रचार अभियान और गरमाने के संकेत मिल रहे हैं।

