कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ मार्शल आर्ट एवं सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी, कोरबा ने शानदार प्रदर्शन और लगातार उपलब्धियों के दम पर प्रतिष्ठित ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में अपना नाम दर्ज कराकर नया इतिहास रच दिया है। यह सम्मान वर्ष 2018 से फरवरी 2026 तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक पदक जीतने के आधार पर मिला है।
इस उपलब्धि से न केवल कोरबा, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर रोशन हुआ है। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों के बेहतरीन मार्गदर्शन का नतीजा अब विश्व रिकॉर्ड के रूप में सामने आया है।छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन एवं एकेडमी के संस्थापक तारकेश मिश्रा ने बताया कि प्रदेश में किकबॉक्सिंग खेल की शुरुआत वर्ष 2006 में हुई थी। खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं देने के उद्देश्य से वर्ष 2018 में इस एकेडमी की स्थापना की गई। प्रोफेशनल कोचिंग और आधुनिक उपकरणों के दम पर यहां के खिलाड़ियों ने लगातार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा साबित की है।
एकेडमी से प्रशिक्षित खिलाड़ी आयरलैंड, रूस, साउथ कोरिया, टर्की, इटली और नेपाल जैसे देशों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। खिलाड़ियों ने कई पदक जीतकर कोरबा और छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। यहां के खिलाड़ियों को राज्य शासन द्वारा शहीद कौशल यादव खेल पुरस्कार, खेल अंकुर, खेल गौरव और खेल शिखर पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से भी नवाजा जा चुका है। कई खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार भी मिले हैं। एकेडमी के मुख्य कोच तारकेश मिश्रा ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों, अभिभावकों, सहयोगियों और खेल प्रेमियों को देते हुए कहा कि यह उपलब्धि भविष्य में और बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा बनेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट की
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री ने ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में एकेडमी का नाम दर्ज होने पर खुशी जताते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।

