कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के स्थानीय एवं अनुभवी वाहन चालकों को रोजगार में प्राथमिकता दिलाने के लिए पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।

पत्र में उन्होंने कहा है कि एसईसीएल अंतर्गत संचालित कुसमुंडा, गेवरा, मानिकपुर, दीपका सहित विभिन्न खदान क्षेत्रों में कई निजी कंपनियों द्वारा खनन कार्य शुरू किया जा चुका है, जबकि आने वाले समय में अन्य कंपनियों के भी कार्य प्रारंभ होने की संभावना है। ऐसे में स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ, जिला कोरबा द्वारा सौंपे गए आवेदन के अनुसार करीब 500 स्थानीय एवं अनुभवी चालक रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ये चालक वर्षों से खनन कार्य से जुड़े रहे हैं और क्षेत्रीय परिस्थितियों के साथ कार्य प्रणाली का अच्छा अनुभव रखते हैं।

जयसिंह अग्रवाल ने मांग की है कि नई एवं वर्तमान कंपनियों में ड्राइवरों की भर्ती के दौरान स्थानीय और अनुभवी चालकों को प्राथमिकता देने के निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही कोरबा जिले के सभी खदान क्षेत्रों के महाप्रबंधकों को भी इस संबंध में निर्देशित किया जाए। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि पूर्व से कार्यरत अनुभवी ड्राइवरों को विभिन्न कंपनियों में समायोजित करने की सकारात्मक व्यवस्था की जाए, ताकि उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित न हो। पूर्व मंत्री ने उम्मीद जताई है कि एसईसीएल प्रबंधन इस मांग पर संवेदनशीलता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई करेगा, जिससे स्थानीय युवाओं और वाहन चालकों को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

