रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी रायपुर के गोबरा नवापारा क्षेत्र में सोमवार देर रात रेत से भरे हाइवा और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटना अभनपुर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार पिपरौद-बजरंगपुर के पास निर्माणाधीन टोल प्लाजा के समीप रात करीब 1:30 बजे रेत से लदी हाइवा सामने से आ रहे खाली ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर के बाद ट्रक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग केबिन में बुरी तरह फंस गए।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।

