कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक नगर कोरबा में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। हसदेव ताप विद्युत गृह (HTPP) क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम झाबू स्थित सीएसईबी पश्चिम के राखड़ डैम का एक हिस्सा अचानक टूट गया, जिससे राख और मलबे का तेज बहाव शुरू हो गया। हादसे की चपेट में आकर मौके पर काम कर रहा एक जेसीबी ऑपरेटर मलबे में दब गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डैम की दीवार पर अचानक दबाव बढ़ा और कुछ ही पलों में हिस्सा भरभराकर ढह गया। इसके बाद राख और गारे का भारी सैलाब बहने लगा। उस समय पास में कार्यरत जेसीबी ऑपरेटर को निकलने का मौका तक नहीं मिला और वह मशीन समेत मलबे में समा गया। घटना के बाद आसपास मौजूद श्रमिकों ने शोर मचाया और ऑपरेटर को बचाने की कोशिश की, लेकिन मलबा ज्यादा गहरा और भारी होने के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही प्लांट प्रबंधन, सुरक्षा टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे। भारी मशीनों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक ऑपरेटर की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद ग्रामीणों और मजदूरों में भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का आरोप है कि राखड़ डैम की दीवारें लंबे समय से जर्जर थीं और कई बार शिकायत करने के बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई। सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण एक मजदूर की जान चली गई।
जांच और कार्रवाई की मांग
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई, उचित मुआवजा और हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है। प्रशासनिक टीम मामले की जांच में जुट गई है।

