आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने चेम्बर आफ कामर्स स्थानीय व्यापारियों की ली बैठक
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा शहर में मल्टीलेवल पार्किंग के संचालन और पावर हाउस रोड की यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर प्रशासन, चेम्बर ऑफ कॉमर्स और स्थानीय व्यापारियों के बीच महत्वपूर्ण सहमति बनी है। सभी पक्षों ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर दिया।
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में बैठक लेकर चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों और पावर हाउस रोड के व्यापारियों से विस्तृत चर्चा की। बैठक में तय हुआ कि व्यापारी अपने वाहन मल्टीलेवल पार्किंग में ही खड़े करेंगे और वहां से ई-कार्ट के जरिए अपनी दुकानों तक पहुंचेंगे। साथ ही ग्राहकों को भी पार्किंग का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। पावर हाउस रोड पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और उन्हें ओवरब्रिज का उपयोग करना होगा। ट्रैक्टर और मालवाहक वाहनों के लिए निश्चित समय तय किया जाएगा, उसी दौरान वे माल की डिलीवरी कर सकेंगे। इसके अलावा सुनालिया ब्रिज से ट्रक, ट्रैक्टर और बसों के आवागमन पर रोक रहेगी और वैकल्पिक मार्ग अपनाने होंगे। विशेष परिस्थितियों में प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बैठक में अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, पुलिस विभाग के अधिकारी, निगम के वरिष्ठ अधिकारी और चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
ई-कार्ट की उपलब्धता पर भी चर्चा
बैठक में ई-कार्ट की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने व्यापारियों से सहयोग की अपील की, जिस पर कई संस्थाओं ने ई-कार्ट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इनमें अनूपचंद त्रिलोकचंद, दिशा मोबाइल, पद्मिनी ज्वेलर्स, ऑटो सेंटर, अग्रवाल गारमेंट्स, न्यू जेके ज्वेलर्स और लायंस क्लब बालको सहित अन्य संस्थाएं शामिल हैं। इन ई-कार्ट पर संबंधित प्रतिष्ठान अपने व्यवसाय का प्रचार भी कर सकेंगे। ई-कार्ट के संचालन के लिए निगम चालक उपलब्ध कराएगा और उनके रखरखाव की जिम्मेदारी भी निगम की होगी।
महापौर व आयुक्त ने किया रोड डिवाईडर प्लाटेंशन का लोकार्पण

