समय-सीमा में सभी योजनाएं पूरी करने के दिए निर्देश, हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने पर जोर
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले में संचालित जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई है। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, वहीं समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं करने वाले और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्वीकृत, प्रगतिरत और पूर्ण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने हर घर जल प्रमाणीकरण, सोलर पंप स्थापना, समूह एवं एकल जल प्रदाय योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में घरेलू नल कनेक्शन, जलस्रोत एवं पानी टंकियों के निर्माण, पाइपलाइन विस्तार और सोलर पंप स्थापना की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाएं तैयार हो चुकी हैं, वहां तत्काल जलापूर्ति शुरू की जाए। उन्होंने चिन्हित जलस्रोतों और पाइपलाइनों को शीघ्र चालू करने तथा निर्मित टंकियों को क्रियाशील बनाकर आम लोगों तक पानी पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, कार्यपालन अभियंता राम उरांव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
खराब पड़े सोलर पंपों को जल्द मरम्मत कराने के निर्देश
कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में सोलर पंप आधारित पेयजल योजनाओं की भी समीक्षा की और खराब पड़े सोलर पंपों की सूची तैयार कर जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है, इसलिए कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने टंकी निर्माण एवं एफएसटीसी कार्य पूर्ण हो चुके क्षेत्रों में विशेष कार्ययोजना बनाकर जल्द जलापूर्ति शुरू करने तथा पूर्ण परियोजनाओं का गंभीरता से हर घर जल प्रमाणीकरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था के संचालन एवं रखरखाव को मजबूत बनाने के लिए नल-जल मित्रों का नया बैच तैयार कर उन्हें तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण देने को कहा। कलेक्टर ने पेयजल सुविधा से वंचित स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और आश्रम-छात्रावासों में टेप नल के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग को शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
खाद वितरण में पारदर्शिता बरतें, नियम उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई : कलेक्टर दुदावत

