रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आयोजित ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम में शामिल होकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोगों को फिट रहने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं के साथ साइकिलिंग की और जुम्बा गतिविधियों में भी हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय और कलेक्टर आकाश छिकारा सहित बड़ी संख्या में युवा एवं नागरिक मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने स्वयं साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर श्री साव ने कहा कि साइकिल हमारे स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है। नियमित साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ, सक्रिय और ऊर्जावान बना रहता है। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में साइकिल का अधिक उपयोग कर लोग अपनी फिटनेस को बेहतर बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि साइकिल केवल स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक बचत का भी प्रभावी माध्यम है। बढ़ते प्रदूषण और ईंधन खर्च के बीच साइकिल एक सरल, सुलभ और पर्यावरण अनुकूल विकल्प है। उप मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक साइकिल का उपयोग कर स्वच्छ और हरित वातावरण बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि साइकिल हर दृष्टि से उपयोगी है और इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।
पेयजल संकट, अवैध प्लॉटिंग और निर्माण पर सख्त हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव

