15 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने की ओर बढ़ा संस्थान, 40 से अधिक प्रशिक्षुओं को मिला प्लेसमेंट, सोलर पीवी टेक्नीशियन कोर्स की भी शुरुआत
बालकोनगर (AkhandBharatHNKP.Com)। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने विश्व युवा कौशल दिवस 2026 के अवसर पर वेदांता स्किल स्कूल के 15 वर्षों की सफल यात्रा का उत्सव मनाया। कार्यक्रम में कौशल विकास के जरिए युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की उपलब्धियों को साझा किया गया। इस वर्ष विश्व युवा कौशल दिवस की थीम ‘साझा भविष्य के लिए कौशल’ रही।

समारोह में बालको के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधि, पूर्व एवं वर्तमान प्रशिक्षु तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस अवसर पर सप्ताहभर आयोजित वाद-विवाद, कविता लेखन, पोस्टर मेकिंग, इंडोर गेम्स और एआई वीडियो निर्माण जैसी प्रतियोगिताओं में युवाओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षुओं ने पारंपरिक लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को रंगारंग बनाया। समारोह का मुख्य आकर्षण वेदांता स्किल स्कूल के एक पूर्व प्रशिक्षु के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति रही, जिसमें दिखाया गया कि कौशल प्रशिक्षण ने किस प्रकार उसके जीवन को नई दिशा देते हुए रोजगार और बेहतर भविष्य के अवसर प्रदान किए।
40 युवाओं को मिला प्लेसमेंट, सोलर टेक्नीशियन कोर्स शुरू
कार्यक्रम में वेल्डर और मोबाइल रिपेयरिंग ट्रेड के 40 से अधिक प्रशिक्षुओं को प्लेसमेंट प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। साथ ही ‘पीएम सूर्य घर सर्टिफिकेशन एंड स्किल अपग्रेडेशन कोर्स फॉर सोलर पीवी टेक्नीशियन’ की शुरुआत की गई। इसके तहत 100 सोलर पीवी टेक्नीशियनों को एक सप्ताह का कौशल उन्नयन एवं प्रमाणन प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक प्रतिभागी को 3,500 रुपये का भत्ता भी मिलेगा।
14 हजार से अधिक युवाओं को मिला प्रशिक्षण
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि वेदांता स्किल स्कूल पिछले 15 वर्षों से युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप रोजगारपरक कौशल प्रदान कर रहा है। व्यावहारिक प्रशिक्षण और आत्मविश्वास के बल पर युवा आत्मनिर्भर बन रहे हैं तथा उनके लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बालको का उद्देश्य समुदायों के समावेशी और सतत विकास में योगदान देना है। वर्ष 2010 में स्थापित वेदांता स्किल स्कूल अब तक 14 हजार से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दे चुका है और इस वर्ष 15 हजार प्रशिक्षुओं का ऐतिहासिक आंकड़ा छूने की ओर अग्रसर है। यहां वेल्डिंग, इलेक्ट्रिकल, फिटर, सिलाई मशीन संचालन, फूड एंड बेवरेज सर्विस तथा सोलर पीवी इंस्टॉलेशन जैसे रोजगारपरक ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाता है। एनएसडीसी से मान्यता प्राप्त 5-स्टार स्मार्ट सेंटर के रूप में यह संस्थान युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान कर रहा है।

