रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची में नाम जुड़ने से छूट गए पात्र नागरिकों को शामिल करने के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत बूथ स्तर के अधिकारी घर-घर जाकर सर्वे करेंगे और मतदाता सूची का सत्यापन कर पात्र लोगों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
अभियान के दौरान वर्तमान मतदाता सूची की पुरानी सूची से तुलना कर ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी, जिनका नाम पहले दर्ज था, लेकिन अब सूची में नहीं है। पात्र पाए जाने पर उनका नाम जोड़ने के लिए आवेदन भरवाया जाएगा। निर्वाचन विभाग ने प्रत्येक बूथ स्तर के अधिकारी को हर सप्ताह 20 से 25 मतदाताओं के नाम जोड़ने का लक्ष्य दिया है। अभियान को करीब एक महीने में पूरा करने की योजना है। इसके लिए रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों और बेघर व वंचित लोगों के बीच भी विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
स्कूलों में भी लगेंगे शिविर
9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण से जोड़ने के लिए स्कूलों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इसके लिए विद्यालयों में संचालित निर्वाचक साक्षरता क्लबों की मदद ली जाएगी। निर्वाचन विभाग ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। पात्र नागरिक और नए मतदाता निर्वाचन आयोग के ईसीआईनेट ऐप, आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in या अपने क्षेत्र के बीएलओ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। सहायता के लिए निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

