दिल्ली में सीजेपी का प्रदर्शन कल, पुलिस ने नहीं दी अनुमति, 57 मेट्रो स्टेशन बंद रखने की तैयारी, कई ट्रेनें रद्द

      Date:

      • 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित है प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त की जवाबदेही को लेकर आंदोलन करेगी कॉकरोच जनता पार्टी

      नई दिल्ली (एजेंसी)। दिल्ली में 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को पुलिस ने अनुमति नहीं दी है। प्रदर्शन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने के लिए मेट्रो रेल निगम को पत्र भेजा है। इसके साथ ही नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर आने वाली कई रेलगाड़ियों के रद्द होने की जानकारी भी सामने आई है। CJP विरोध प्रदर्शन से पहले जंतर-मंतर, टॉलस्टॉय मार्ग और जनपथ पर पुलिस और RAF के जवानों को तैनात किया गया है।

          कॉकरोच जनता पार्टी

          पुलिस की संयुक्त आयुक्त नूपुर प्रसाद ने शुक्रवार को बताया कि पार्टी की ओर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए आवेदन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय से काफी देर से सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन की तारीख से कम से कम 10 दिन पहले आवेदन देना आवश्यक है, जबकि पार्टी ने 7 अक्टूबर को ही 10 अक्टूबर के प्रदर्शन की जानकारी दी थी। पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं देने के पीछे कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और यातायात प्रबंधन को प्रमुख कारण बताया है। अधिकारियों के मुताबिक, पहले प्रदर्शन की अनुमति के दौरान तय दिशा-निर्देशों और आश्वासनों का पालन नहीं किया गया था। नई दिल्ली क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 भी लागू है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

          57 मेट्रो स्टेशनों के द्वार बंद रखने की तैयारी

          प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने मेट्रो रेल निगम को पत्र लिखकर 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने का अनुरोध किया है। यह व्यवस्था 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर तक लागू रखने की तैयारी है। हालांकि, यात्रियों को संबंधित मेट्रो स्टेशनों की स्थिति की आधिकारिक सूचना देखकर ही यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।

          कई रेलगाड़ियों पर भी असर

          प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली आने-जाने वाली कई रेलगाड़ियों के रद्द होने की जानकारी सामने आई है। इसका असर मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से जुड़ी रेल सेवाओं पर पड़ सकता है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश की जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस, महाकौशल एक्सप्रेस और एमपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस सहित कई रेलगाड़ियां प्रभावित बताई गई हैं। बिहार की मगध एक्सप्रेस, तेजस राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस के अलावा उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान-हरियाणा से जुड़ी कुछ रेलगाड़ियों के भी रद्द होने की जानकारी दी गई है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि रेलवे स्टेशन जाने से पहले अपनी रेलगाड़ी का नंबर डालकर रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या राष्ट्रीय रेल पूछताछ प्रणाली पर स्थिति की पुष्टि कर लें।

          पार्टी ने कहा—आंदोलन होकर रहेगा

          पुलिस से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा है कि उनका आंदोलन होकर रहेगा। उन्होंने जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन का निर्धारित स्थल बताते हुए संविधान के अनुच्छेद 19 के तहत विरोध करने के अधिकार का हवाला दिया। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की जवाबदेही के मुद्दे पर प्रदर्शन करना चाहती है। वहीं, पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने आरोप लगाया कि सरकार प्रदर्शन से डर गई है और इसी कारण राजधानी में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। पार्टी नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने की बात कही है।

          बड़े पैमाने पर हटाए जा रहे लोगों के वोट : केजरीवाल

          आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है। गोवा के पणजी में उन्होंने दावा किया कि बड़े पैमाने पर लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। केजरीवाल ने कहा, “जिस तरह केंद्र की भाजपा सरकार हमारे लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है, बड़े पैमाने पर लोगों के वोट हटाए जा रहे हैं। वे उन लोगों के वोट हटा रहे हैं, जो उन्हें वोट नहीं देते।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              महासमुंद में 2.95 करोड़ रुपये का गांजा जब्त, महाराष्ट्र के दो तस्कर गिरफ्तार

              महासमुंद (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में गांजा तस्करी के...