नागरिकों का आवागमन सुरक्षित और सुगम बनाने सड़कों-पुलों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

      Date:

      • हसदेव नदी पुल पर बाहर निकली सरियों की सात दिन में मरम्मत के निर्देश, क्षतिग्रस्त मार्गों को भी शीघ्र सुधारने कहा

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नागरिकों का आवागमन सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शहर के प्रमुख मार्गों और पुलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

          कलेक्टर कुणाल दुदावत

          दर्री बैराज से राताखार बायपास मार्ग पर स्थित हसदेव नदी पुल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर पुल पर पैदल चले और सड़क से बाहर निकली सरियों को देखा। उन्होंने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए सेतु विभाग के अधिकारियों को सात दिन के भीतर पुल की आवश्यक मरम्मत पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद जिन पुलों पर सरियां बाहर निकली हों, उनका निरीक्षण कर समय रहते मरम्मत कराई जाए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भी मार्ग की मरम्मत के निर्देश दिए गए। कलेक्टर दुदावत ने दर्री बैराज के पास तथा दर्री बैराज से राताखार बायपास मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों का जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को सड़क की मरम्मत और डामरीकरण कार्य सात दिन के भीतर पूरा कराने को कहा, ताकि इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को राहत मिल सके।

          निर्माणाधीन सड़कों में तेजी लाने के निर्देश

          कलेक्टर ने रिसदी चौक से परसाभाठा-बजरंग चौक होते हुए रूमगरा तथा ध्यानचंद चौक-दर्री मार्ग का भी निरीक्षण किया। निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति देखते हुए उन्होंने कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। ध्यानचंद चौक से बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा से रिसदी चौक तक लगभग 5.74 किलोमीटर लंबी दो लेन सीमेंट-कंक्रीट सड़क के निर्माण के लिए जिला खनिज न्यास मद से लगभग 29 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कलेक्टर दुदावत ने रूमगरा के पास सड़क किनारे जमा पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण पूरा होने तक सड़क की स्थिति की नियमित निगरानी की जाए और जहां आवश्यकता हो, तत्काल मरम्मत कराई जाए। बजरंग चौक-परसाभाठा क्षेत्र में निर्माण के दौरान आम नागरिकों की आवाजाही बनी रहे, इसके लिए बेहतर वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने को भी कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

          प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं का भी किया निरीक्षण

          कलेक्टर ने सीतामढ़ी चौक से इमलीडुग्गू गौमाता चौक तक प्रस्तावित चार लेन सड़क तथा रेलवे स्टेशन रेलवे क्रॉसिंग से मानिकपुर मार्ग पर प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी कर कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े, एसडीएम श्रीमती सरोज महिलांगे, एसडीओ श्री राकेश द्विवेदी, नगर निगम के जोन कमिश्नर तथा विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

          आईटीआई रामपुर के रिनोवेशन कार्य में देरी पर कलेक्टर नाराज, दी कार्रवाई की चेतावनी

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related