दो सड़कों के लिए 27 करोड़ की घोषणा, ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम भी बनेगा, तीन वर्षों में भिलाई नगर निगम को मिल चुके हैं 886 करोड़ रुपये
चिटफंड के 3 हजार निवेशकों को लौटाई गई 3.16 करोड़ की राशि
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस्पात नगरी भिलाई के विकास को नई गति देते हुए 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को कई नई सौगातें देते हुए दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों के लिए कुल 27 करोड़ रुपये की घोषणा की। इसके साथ ही भिलाई नगर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम के निर्माण की भी घोषणा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहरों और गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सड़क, आवास, स्वच्छता और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री साय ने विधानसभा क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों की घोषणा की। कुरुद-जुनवानी-कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती एवं सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की गई। वहीं जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग एवं कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 27 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनके पूरा होने से संबंधित क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा भिलाई नगर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने बीएसपी टाउनशिप में रहने वाले नागरिकों के रिटेंशन आवास के किराये में हुई भारी वृद्धि का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि किराये में 24 गुना तक बढ़ोतरी किए जाने का विषय सामने आने पर सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की गई। इसके बाद अधिकारियों से बातचीत कर मासिक किराये में बढ़ोतरी को कम करते हुए इसे 6 रुपये किए जाने का निर्णय लिया गया। इससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।
आवास और महिला सशक्तीकरण योजनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन लगभग 1600 आवास बनाए जा रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में बीते तीन वर्षों के दौरान 77 हजार से अधिक मकानों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना की 33 किस्तों में अब तक 21 हजार 350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है। इसके साथ ही रामलला दर्शन योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
चिटफंड के 3 हजार निवेशकों को लौटाए 3.16 करोड़ रुपये
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने निवेशकों को बड़ी राहत देते हुए यश ड्रीम चिटफंड कंपनी में जमा रकम वापस करने की प्रक्रिया के तहत बटन दबाकर 3 हजार निवेशकों के खातों में कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये हस्तांतरित किए। इसके अलावा विभिन्न विभागों की योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के आठ हितग्राहियों को प्रमाण पत्र दिए गए। पीएम स्वनिधि योजना के तहत छह स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवसाय के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के पांच हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र तथा आयुष्मान भारत योजना के पांच हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के दो हितग्राहियों को एक-एक लाख रुपये के चेक दिए गए। वहीं सात श्रमिकों को पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के अंतर्गत नौ महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण राशि के चेक प्रदान किए गए। मत्स्य विभाग की ओर से हितग्राहियों को आइस बॉक्स, नाव और जाल वितरित किए गए। पट्टाधृति योजना के तहत 10 हितग्राहियों को पट्टे भी दिए गए।
भिलाई की विकास में रहेगी अहम भूमिका : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में पिछले तीन वर्षों के दौरान शहरों और गांवों के विकास को नई गति मिली है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भिलाई को 154 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद की चुनौती से मुक्त हो चुका है और प्रदेश में निवेश, उद्योग तथा राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों के आने से विकास की नई संभावनाएं बन रही हैं। आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की दिशा में छत्तीसगढ़ आगे बढ़ रहा है और इसमें भिलाई की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, विधायक ललित चंद्राकर, रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, महापौर नीरज पाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

