फंदा लगाकर किया था वन्यजीव का शिकार, अगले दिन शव जलाकर अवशेष नदी किनारे फेंके; वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में भालू के शिकार और साक्ष्य मिटाने के गंभीर मामले में वन विभाग ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शिकार के बाद आरोपियों ने भालू के शव को जलाकर नष्ट करने की कोशिश की और उसके अवशेष नदी किनारे फेंक दिए। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। सभी आरोपी ग्राम दम्हामुड़ा, थाना पसान के निवासी बताए गए हैं।
वन विभाग के अनुसार, 21 नवंबर को कटघोरा वनमंडल के केंदई वन परिक्षेत्र अंतर्गत छिंदिया परिसर में फंदा लगाकर भालू का शिकार किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। जांच के दौरान वहां खून के निशान और फंदे में इस्तेमाल किया गया क्लच वायर बरामद हुआ। इन साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल आगे बढ़ाई गई। जांच में सामने आया कि घटना के अगले दिन भालू के शव को झिनपुरी परिसर ले जाया गया था। आरोप है कि पहचान और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को वहां जलाया गया। इसके बाद जले हुए अवशेष अंजननाला नदी के किनारे फेंक दिए गए। वन विभाग ने मामले में साक्ष्य जुटाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध क्रमांक 12606/11 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। विभाग के मुताबिक, अनुसूची-1 में संरक्षित वन्यजीव के शिकार के मामले में अधिनियम की धारा 51(1) के तहत न्यूनतम तीन वर्ष से लेकर अधिकतम सात वर्ष तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। चारों आरोपियों को 24 नवंबर को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कटघोरा के न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। वन विभाग अब मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रहा है।
वन विभाग ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी कटघोरा जितेन्द्र कुमार उपाध्याय के निर्देशन और उप वनमंडलाधिकारी मृगजा जालिंदर यादव के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में केंदई वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक कुमार दुबे, परिक्षेत्र सहायक शारदा प्रसाद सहित अन्य वनकर्मी शामिल रहे। वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि जंगल या उसके आसपास वन्यजीवों को फंसाने के लिए लगाए गए फंदे, तार अथवा कोई अन्य संदिग्ध सामग्री दिखाई देने पर उसे न छुएं और तत्काल वन विभाग को सूचना दें। घायल वन्यजीव या अवैध शिकार से जुड़ी जानकारी मिलने पर भी वन अमले को सूचित करें, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
आधी रात जिला अस्पताल में पहुंचा भालू, कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी

