छत्तीसगढ़ शराब घोटाले का आरोपी विकास अग्रवाल दुबई में गिरफ्तार, भारत लाने UAE जाएगी ACB-EOW की टीम

      Date:

      • तीन साल से फरार था विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू, एक सप्ताह के भीतर प्रत्यर्पण की तैयारी; शराब कारोबारियों से कमीशन वसूलने और अनवर ढेबर तक अवैध रकम पहुंचाने का आरोप

          रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच में एक और बड़ी कार्रवाई होने जा रही है। इस मामले में वर्ष 2023 से फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू (शिब्बू) को दुबई में गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। अब उसे भारत लाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की विशेष टीम संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) रवाना होगी।

          जानकारी के मुताबिक, यूएई सरकार आरोपी को भारत भेजने की प्रक्रिया के तहत निर्वासित कर रही है। उसे एक सप्ताह के भीतर भारत लाने की तैयारी है। इस संबंध में आवश्यक दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं और विदेश में जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विकास अग्रवाल को भारत लाने के लिए एसीबी-ईओडब्ल्यू की विशेष टीम जल्द ही यूएई रवाना होगी। बताया जा रहा है कि एसीबी-ईओडब्ल्यू प्रमुख अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में टीम भेजने की तैयारी की जा रही है। टीम वहां संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर आरोपी को भारत लाने की प्रक्रिया पूरी करेगी। जांच एजेंसियों के अनुसार, विकास अग्रवाल पर शराब कारोबार से जुड़े डिस्टिलरी संचालकों और एफएल-10ए लाइसेंस धारकों से कमीशन वसूलने का आरोप है। जांच में उसे कथित तौर पर शराब घोटाले की अवैध रकम के लेन-देन से जुड़ी महत्वपूर्ण कड़ी माना गया है।

          अनवर ढेबर तक रकम पहुंचाने में भूमिका की जांच

          विकास अग्रवाल पर आरोप है कि वह शराब घोटाले से जुटाई गई अवैध रकम अनवर ढेबर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता था। ऐसे में भारत लाए जाने के बाद जांच एजेंसियां उससे कथित कमीशन नेटवर्क, पैसों के लेन-देन और इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर सकती हैं। लंबे समय से फरार चल रहे विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी को शराब घोटाले की जांच में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि भारत आने के बाद पूछताछ में इस घोटाले से जुड़े कौन-कौन से नए तथ्य सामने आते हैं।

          छत्तीसगढ़ शराब घोटाला : अनवर ढेबर की बढ़ीं मुश्किलें, ओवरटाइम भुगतान में 100 करोड़ से अधिक के घोटाले की जांच

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related