सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, चांदी 9,100 रुपये टूटी, 13 महीने के निचले स्तर पर पहुंची

      Date:

      • चांदी का भाव घटकर 1.43 लाख रुपये प्रति किलो, सोना 3,653 रुपये गिरकर 1.21 लाख रुपये पर आया, रिकॉर्ड ऊंचाई से सोना करीब 32% और चांदी 63% सस्ती

      नई दिल्ली (एजेंसी)। सोना-चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। घरेलू बाजार में दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई है। चांदी एक ही दिन में 9,103 रुपये सस्ती होकर 1.43 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। यह पिछले 13 महीनों का सबसे निचला स्तर बताया जा रहा है। वहीं, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव भी 3,653 रुपये गिरकर करीब 1.21 लाख रुपये रह गया है।

          इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, सोना अपने अब तक के उच्चतम स्तर 1.76 लाख रुपये से करीब 32 प्रतिशत नीचे आ चुका है। इसी तरह चांदी भी 3.80 लाख रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड भाव से लगभग 63 प्रतिशत सस्ती हो गई है। लगातार गिरती कीमतों से सराफा बाजार में हलचल बढ़ गई है।

          चांदी की कीमत गिरने के तीन बड़े कारण

          चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे औद्योगिक मांग में कमी, वैश्विक बाजार में आपूर्ति बढ़ना और सोने की कीमतों में कमजोरी जैसे कारण बताए जा रहे हैं।

          • औद्योगिक मांग में कमी: चांदी का इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक्स, सौर पैनल और विभिन्न औद्योगिक उत्पादों में होता है। औद्योगिक गतिविधियों में सुस्ती आने से इसकी मांग प्रभावित होती है।

          • वैश्विक आपूर्ति में बढ़ोतरी: खदानों से उत्पादन बढ़ने या बाजार में चांदी की उपलब्धता अधिक होने पर कीमतों पर दबाव पड़ता है।

          • सोने की कीमतों में गिरावट का असर: अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमतों पर सोने की चाल का भी प्रभाव पड़ता है। सोने में कमजोरी आने पर चांदी में भी बिकवाली बढ़ सकती है।

          सोना सस्ता होने के पीछे ये हैं वजहें

          सोने की कीमतों में गिरावट के पीछे अमेरिकी डॉलर की मजबूती, ब्याज दरों को लेकर स्थिति और निवेशकों की मुनाफावसूली को प्रमुख कारण माना जा रहा है। डॉलर मजबूत होने से अन्य देशों के लिए सोना खरीदना महंगा हो जाता है, जिससे मांग प्रभावित हो सकती है। वहीं, अमेरिका में ब्याज दरें ऊंची रहने पर निवेशक सोने के बजाय बॉन्ड और बैंक जमा जैसे विकल्पों की ओर रुख करते हैं। इसके अलावा, रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद बड़े निवेशकों की ओर से मुनाफावसूली किए जाने से भी सोने की कीमतों में गिरावट आ सकती है।

          अलग-अलग शहरों में क्यों बदलते हैं सोने के भाव?

          देश के अलग-अलग शहरों में सोने की कीमतें एक जैसी नहीं होतीं। इसके पीछे परिवहन और सुरक्षा खर्च, स्थानीय मांग एवं आपूर्ति, पुराने स्टॉक की खरीद कीमत और स्थानीय बाजार की परिस्थितियां प्रमुख वजहें हैं। ज्वेलर्स अपने पुराने स्टॉक की लागत और कारोबारी खर्च को ध्यान में रखकर भी बिक्री मूल्य तय करते हैं।

          विशेषज्ञ की सलाह : एकमुश्त खरीदारी से बचें

          कमोडिटी विशेषज्ञ अजय केडिया के मुताबिक, सोने और चांदी की खरीदारी एक साथ बड़ी रकम लगाकर करने के बजाय किस्तों में करना बेहतर हो सकता है। खरीदार कुछ मात्रा अभी खरीद सकते हैं और शेष खरीदारी 15 से 20 दिन के अंतराल पर कर सकते हैं। निवेश के लिहाज से एक-दो महीने के बजाय छह महीने से एक साल तक की अवधि को ध्यान में रखने की सलाह दी गई है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related