कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में हुआ आयोजन, आठ विधाओं में युवाओं ने दिखाई अपनी कला, विजेता प्रतिभागियों के नाम घोषित

कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, आईटीआई चौक रामपुर में आयोजित जिला स्तरीय युवा महोत्सव में लोककला, संस्कृति और युवा प्रतिभाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। जिले के पांचों विकासखंडों से पहुंचे युवा कलाकारों ने लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में हुआ।

महोत्सव को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग की यह पहल युवाओं को अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा, विज्ञान, नवाचार, खेल और कला-संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं में असीम ऊर्जा और प्रतिभा है। उन्हें अपनी मेहनत, लगन और कौशल के बल पर नई उपलब्धियां हासिल करनी चाहिए तथा अपने माता-पिता, परिवार, गांव, जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करना चाहिए। मंत्री ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पार्षद नरेंद्र देवांगन, मुकुंद सिंह कंवर, गजेंद्र मानसर, खेल अधिकारी दीनू पटेल, रामकृपाल साहू, सुनील पाण्डेय, सारिका रात्रे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, युवा प्रतिभागी और बड़ी संख्या में कला प्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।
किसानों और युवाओं के हित में सरकार के प्रयासों का किया उल्लेख
मंत्री देवांगन ने राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। धान खरीदी के अंतर की राशि का एकमुश्त भुगतान करने की व्यवस्था की गई है। नए प्रावधान के तहत निर्धारित अधिकतम सीमा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की समान आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ-साथ युवाओं, विद्यार्थियों और समाज के सभी वर्गों को अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। कार्यक्रम में महापौर संजूदेवी राजपूत और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने युवा कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और अपनी कला के माध्यम से जिले एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
आठ विधाओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
जिला स्तरीय युवा महोत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने आठ विधाओं में हिस्सा लिया। इनमें लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन, रचनात्मक युवा रील चुनौती, पारंपरिक वेशभूषा और रॉक बैंड शामिल रहे। पांचों विकासखंडों से पहुंचे कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक प्रस्तुत की। मांदर की थाप पर थिरकते युवा नर्तक दलों ने सभागार में उत्साह का माहौल बना दिया। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। विभिन्न प्रस्तुतियों में युवाओं की रचनात्मकता, कला कौशल और मंचीय प्रतिभा देखने को मिली।
लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक के विजेता घोषित
महोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित किए गए। लोकनृत्य (दलीय) विधा में पीजी कॉलेज कोरबा की मुस्कान रानी कंवर एवं साथी विजेता रहे, जबकि थिरमन दास एवं साथी उपविजेता बने। लोकगीत (दलीय) में पोड़ी-उपरोड़ा के कन्हैया लाल एवं साथी के दल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। थिरमन दास एवं साथी उपविजेता रहे। चित्रकला में अंकित कुमार कंवर विजेता और निर्मला स्कूल की अलिशा तियू उपविजेता रहीं। कविता लेखन में ऋचा स्वर्णकार ने प्रथम तथा आस्था गुप्ता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रील चुनौती में ऋचा स्वर्णकार विजेता और तरुण श्रीवास उपविजेता रहे। पारंपरिक वेशभूषा विधा में अर्चना लकड़ा और जय वेरूड़कर विजेता घोषित किए गए। वहीं नुक्कड़ नाटक में पाली की लवली सिदार टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि प्रयास आवासीय विद्यालय, डिंगापुर कोरबा की आस्था एवं साथी की टीम उपविजेता रही।

