रायगढ़ (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर निगम ने मंगलवार को नगर निगम सभाकक्ष में आयोजित सामान्य सभा की अहम बैठक में पंजरी प्लाट स्थित नगर निगम ऑडिटोरियम का नामकरण पूज्य संत श्री प्रियदर्शी राम जी के नाम पर करने की सहमति बनाई है।

बैठक में शहर विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। ऑडिटोरियम के नामकरण प्रस्ताव पर उपस्थित सभी पार्षदों ने करतल ध्वनि से समर्थन करते हुए इसे एकमत से पारित किया। महापौर जीवर्धन चौहान ने महापौर परिषद (एमआईसी) की बैठक में यह प्रस्ताव पेश किया था, जिसे मेयर इन काउंसिल से पारित होने के बाद सामान्य सभा को प्रस्तुत किया गया।
बेसहारा और पीडि़त लोगों की सेवा करना

परम् पूज्य संत श्री प्रियदर्शी राम जी ने वर्ष 1990 में बनोरा अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट की स्थापना की थी, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े बेसहारा और पीडि़त लोगों की सेवा करना है। ट्रस्ट के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, नशामुक्ति, विधवा विवाह, महिला सशक्तिकरण, पारंपरिक खेती को बढ़ावा और दहेज रहित विवाह जैसी सामाजिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
जनकल्याण के क्षेत्र में बनोरा आश्रम का योगदान
बनोरा आश्रम की शाखाएँ छग के डभरा, शिवरीनारायण, चिरमिरी, अम्बिकापुर और अन्य राज्य मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार में भी मानव सेवा के लिए सक्रिय हैं। ट्रस्ट आश्रम में कक्षा 1 से 10वीं तक नि:शुल्क शिक्षा, साप्ताहिक नि:शुल्क मेडिकल चेकअप, नेत्र जांच शिविर और वार्षिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करता है। सामाजिक सेवा, शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में बनोरा आश्रम का योगदान समाज के लिए प्रेरणास्पद माना जाता है। सामान्य सभा में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने ऑडिटोरियम के नामकरण को आस्था और सम्मान का प्रतीक बताया।

