सरगुजा (AkhandBharatHNKP.Com)। अंबिकापुर से दिल्ली के लिए हवाई सेवा मार्च के अंतिम सप्ताह से शुरू होने जा रही है। एलायंस एयर मां महामाया एयरपोर्ट से सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार को उड़ान संचालित करेगी। यह फ्लाइट बिलासपुर होते हुए दिल्ली पहुंचेगी।

एयरलाइन द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार सोमवार को फ्लाइट सुबह 7:50 बजे दिल्ली से रवाना होकर 10:25 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इसके बाद 10:50 बजे बिलासपुर से उड़ान भरकर 11:40 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। अंबिकापुर से दोपहर 12:05 बजे प्रस्थान कर 2:35 बजे दिल्ली पहुंचेगी। बुधवार को यही फ्लाइट सुबह 7:50 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 10:25 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। वहां से 10:50 बजे रवाना होकर 11:40 बजे बिलासपुर पहुंचेगी और 12:05 बजे बिलासपुर से उड़ान भरकर 2:50 बजे दिल्ली पहुंचेगी। एयरलाइन 72 सीटर विमान का संचालन करेगी। अनुमान है कि इस रूट का बेस फेयर 4500 से 6000 रुपये के बीच रहेगा। वर्तमान में कंपनी बिलासपुर से दिल्ली के बीच सप्ताह में तीन दिन सेवा दे रही है।
अनियमित संचालन के कारण बंद हुई थी सेवा
गौरतलब है कि दिसंबर 2024 में अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट से हवाई सेवा की शुरुआत हुई थी। योजना के तहत रायपुर और बिलासपुर के लिए 19 सीटर विमान सेवा शुरू की थी, लेकिन अनियमित संचालन के कारण यह सेवा छह माह बाद बंद हो गई थी। पिछले छह माह से यहां से कोई नियमित हवाई सेवा संचालित नहीं हो रही थी। नई सेवा शुरू होने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को राजधानी दिल्ली के लिए सीधी हवाई सुविधा मिल सकेगी।

