Sunday, February 22, 2026

कोरिया का 5 प्रतिशत मॉडल बना राष्ट्रीय नीति, देशभर में लागू करने की घोषणा

Date:

  • जनभागीदारी से जल संरक्षण की अनूठी पहल

कोरिया (AkhandBharatHNKP.Com)। जल संरक्षण और भूजल संवर्धन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले की अभिनव पहल को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिल गई है। भारत सरकार ने कोरिया में सफल रहे 5 प्रतिशत मॉडल को देशभर में लागू करने की घोषणा की है। यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान लिया गया, जिसमें केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल भी उपस्थित रहे।

कोरिया

कोरिया

बैठक में राज्य के सभी जिला कलेक्टरों के साथ जल संरक्षण और भूजल संवर्धन पर विस्तृत चर्चा की गई। कोरिया जिले के नवाचार को प्रभावी और परिणामदायी मानते हुए इसे राष्ट्रीय स्तर पर अपनाने पर सहमति बनी। केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब देश और दुनिया भूजल संकट से जूझ रहे हैं, ऐसे समय में कोरिया का यह मॉडल एक प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रयोग अब केवल कोरिया तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में लागू किया जाएगा। जिला कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने जानकारी दी कि बैकुंठपुर और सोनहत विकासखंड के गांवों में विशेष अभियान चलाकर किसानों को इस मॉडल की जानकारी दी गई। जागरूकता शिविरों और प्रचार-प्रसार के माध्यम से किसानों को प्रेरित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप उन्होंने अपनी भूमि के एक हिस्से में सोख्ता गड्ढों का निर्माण किया। बरसात के दौरान इन संरचनाओं में जल संचयन से जमीन की नमी बढ़ी और फसलों को सीधा लाभ मिला।

क्या है 5 प्रतिशत मॉडल

आवा पानी झोंकी अभियान के तहत शुरू की गई इस पहल में खेत या बाड़ी की कुल भूमि के 5 प्रतिशत हिस्से में सीढ़ीनुमा संरचना वाला सोख्ता गड्ढा तैयार किया जाता है। वर्षा जल को संरक्षित कर भूजल पुनर्भरण किया जाता है। इससे भूजल स्तर में सुधार के साथ-साथ कृषि उत्पादकता में भी वृद्धि होती है। कम लागत और स्थानीय संसाधनों से तैयार यह मॉडल ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बेहद उपयोगी साबित हुआ है।

किसानों व ग्रामीणों के प्रयास से हुआ संभव

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि यह उपलब्धि जिले के किसानों और ग्रामीणों की जागरूकता व सक्रिय भागीदारी का परिणाम है। उनके प्रयासों से कोरिया को राष्ट्रीय पहचान मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मॉडल जल आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत आधार सिद्ध होगा।

Share post:

Popular

More like this
Related

मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिन पर रक्तदान शिविर का किया शुभारंभ

रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने 62वें जन्मदिन...