30 लाख की उधारी नहीं चुकाया तो शिक्षक ने की दोस्त की हत्या, जंगल में ले जाकर हथौड़े और धारदार हथियार से किया हमला

      Date:

      • सीसीटीवी और वीएसके ऐप की जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र में 30 लाख रुपए की उधारी को लेकर एक शिक्षक ने अपने साथी शिक्षक की हत्या कर दी। आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा ने अपने दोस्त शिवकुमार चंद्राकर को स्कूटी से सुनसान इलाके में ले जाकर उस पर हथौड़े और धारदार हथियार से हमला किया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

          शिक्षक

          जानकारी के मुताबिक 17 सितंबर को आरंग पुलिस को ग्राम बनचरौदा के पास एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले। शव की पहचान ग्राम रामपुर डंगनिया निवासी शिवकुमार चंद्राकर (46) के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शिवकुमार और चंद्रप्रकाश दोनों कुम्हारी के एक स्कूल में शिक्षक थे। ग्रामीणों और चरवाहे ने पुलिस को बताया कि शिवकुमार को घटना से पहले चंद्रप्रकाश के साथ सफेद रंग की स्कूटी पर बनचरौदा की ओर जाते देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और शिक्षा विभाग के वीएसके ऐप की उपस्थिति संबंधी जानकारी की जांच की। पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर की सुबह चंद्रप्रकाश स्कूल पहुंचा था। इसके बाद वह निजी काम का हवाला देकर बाहर चला गया और कुछ समय बाद वापस स्कूल पहुंचा। तकनीकी जांच में उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की।

          उधारी बनी हत्या की वजह

          पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की। उसने बताया कि वह और शिवकुमार करीब चार साल से एक-दूसरे को जानते थे और साथ में रेत, रियल एस्टेट तथा बाजार में कारोबार करते थे। आरोपी ने इन कामों के लिए शिवकुमार को करीब 30 लाख रुपए उधार दिए थे। इसके बदले उसे तीन खाली चेक दिए गए थे। आरोपी के अनुसार वह इस रकम पर ब्याज लेता था, लेकिन पिछले तीन महीने से उसे ब्याज नहीं मिला था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार पैसों और ब्याज को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने शिवकुमार की हत्या की योजना बनाई।

          हथियार, स्कूटी और चेक जब्त

          पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर हत्या में इस्तेमाल सफेद रंग की स्कूटी, धारदार हथियार और हथौड़ा जब्त किया है। इसके अलावा मृतक के तीन खाली चेक, पर्स, दोनों के मोबाइल फोन, घटना के समय आरोपी के पहने कपड़े तथा खून लगे जूते-मोजे भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज, वीएसके ऐप की उपस्थिति संबंधी जानकारी और तकनीकी जांच से महत्वपूर्ण सुराग मिले। आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related