रक्षाबंधन पर इस बार नहीं रहेगा भद्रा का साया, सुबह 5:57 से 9:48 बजे तक शुभ मुहूर्त

      Date:

      • 28 अगस्त को मनेगा भाई-बहन के प्रेम का पर्व, दिन में भी शुभ समय पर बांधी जा सकेगी राखी

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन इस बार 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाया जाएगा। श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर घरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। खास बात यह है कि इस बार रक्षाबंधन के दिन भद्रा का प्रभाव नहीं रहेगा। ऐसे में बहनें शुभ समय में भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांध सकेंगी। शहर के ट्रांसपोर्टनगर, निहारिका, बुधवारी सहित अन्य क्षेत्रों में रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों की दुकानें सज चुकी हैं।

          रक्षाबंधन

          ज्योतिषाचार्यों के अनुसार 28 अगस्त को राखी बांधने का मुख्य शुभ मुहूर्त सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक रहेगा। इस दौरान पूर्णिमा तिथि विद्यमान रहेगी। बहनें सुबह पूजा-अर्चना के बाद भगवान को राखी अर्पित कर भाइयों को रक्षासूत्र बांध सकती हैं। इसके अलावा अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11:56 से 12:48 बजे तक रहेगा। वहीं दोपहर 1:52 से शाम 4:35 बजे तक भी राखी बांधने का समय बताया गया है। हालांकि राहुकाल सुबह 10:46 से दोपहर 12:22 बजे तक रहेगा, इसलिए इस अवधि में शुभ कार्य करने से बचने की सलाह दी गई है।

          27 अगस्त की रात ही खत्म हो जाएगा भद्रा

          पंचांग के अनुसार भद्रा 27 अगस्त को सुबह 9:08 बजे से रात 9:32 बजे तक रहेगी। इसके बाद भद्रा समाप्त हो जाएगी। इसलिए 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन भद्रा का कोई प्रभाव नहीं रहेगा। इस वजह से बहनों को राखी बांधने के समय को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। आचार्य पं. संदीप तिवारी के अनुसार श्रावण पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त को सुबह 9:08 बजे शुरू होकर 28 अगस्त को सुबह 9:48 बजे तक रहेगी। उदयातिथि के अनुसार 28 अगस्त को सूर्योदय के समय पूर्णिमा होने के कारण इसी दिन रक्षाबंधन मनाया जाएगा।

          बदलते दौर में राखी का रंग भी बदला

          समय के साथ रक्षाबंधन मनाने का तरीका भी बदल रहा है। पढ़ाई, नौकरी और कारोबार के कारण भाई-बहन अलग-अलग शहरों में रहते हैं। ऐसे में ऑनलाइन राखी भेजने और वीडियो कॉल के जरिए पर्व मनाने का चलन बढ़ा है। बाजार में पारंपरिक राखियों के साथ हस्तनिर्मित, पर्यावरण अनुकूल और व्यक्तिगत संदेश वाली राखियां भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं। रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे के साथ खड़े रहने के संकल्प का पर्व है। इस दिन बहनें भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनकी सुख-समृद्धि की कामना करती हैं, जबकि भाई बहनों की रक्षा और हर परिस्थिति में साथ देने का संकल्प लेते हैं।

          राखियों से सजा बाजार, खरीदारी के लिए उमड़ रही भीड़

          रक्षाबंधन पर्व को लेकर कोरबा शहर के प्रमुख बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बाजार में बच्चों के लिए कार्टून वाली राखियां, जबकि युवाओं के लिए डिजाइनर मोती, रुद्राक्ष और रंगीन धागों वाली राखियों की कई वैरायटी उपलब्ध है। बहनें भाइयों की पसंद के अनुसार राखियों की खरीदारी करने के साथ मिठाई, उपहार और अन्य सामान भी खरीद रही हैं। रक्षाबंधन नजदीक आने के कारण शाम के समय बाजार में काफी भीड़ देखने को मिल रही है। दुकानदारों को आने वाले दिनों में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।

          राखी बांधने के प्रमुख समय

          • मुख्य शुभ मुहूर्त : सुबह 5:57 से 9:48 बजे तक
          • अभिजीत मुहूर्त : दोपहर 11:56 से 12:48 बजे तक
          • अपराह्न मुहूर्त : दोपहर 1:52 से शाम 4:35 बजे तक
          • भद्रा: 27 अगस्त सुबह 9:08 से रात 9:32 बजे तक
          • राहुकाल: 28 अगस्त सुबह 10:46 से दोपहर 12:22 बजे तक

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              कोरबा पुलिस में फेरबदल, पाली के दो आरक्षकों समेत 10 का तबादला

              कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिला पुलिस में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए...