नई दिल्ली (एजेंसी)। फिल्मों और वेब सीरीज की ऑनलाइन पाइरेसी पर कड़ा कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने टेलीग्राम को नोटिस जारी किया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा है कि प्लेटफॉर्म से सभी पाइरेटेड कंटेंट तुरंत हटाया जाए।

सरकार ने यह नोटिस इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट, 2000 के तहत जारी किया है। मंत्रालय ने टेलीग्राम से यह भी कहा कि वह पाइरेसी से जुड़े चैनलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे और गैर-कानूनी सामग्री की पहचान कर उसे हटाए।अधिकारियों की जांच में अब तक 3,142 टेलीग्राम चैनल्स चिन्हित किए गए हैं, जिनमें फिल्मों, वेब सीरीज और अन्य कॉपीराइट सामग्री को गैरकानूनी तरीके से साझा करने का आरोप है।
कई ओटीटी प्लेटफॉर्म्स ने शिकायत की थी कि उनका कंटेंट बिना अनुमति के टेलीग्राम पर बड़े पैमाने पर फैलाया जा रहा है। मंत्रालय का कहना है कि यह कार्रवाई डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर पाइरेसी को रोकने और कॉपीराइट धारकों के अधिकार सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

