समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले की फ्लैगशिप योजनाओं सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीजीएन जनशिकायत, मानव अधिकार आयोग एवं कलेक्टर जनदर्शन से संबंधित लंबित प्रकरणों पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी-कर्मचारी शासन के निर्देशानुसार आधार-फेस आधारित बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम में प्रतिदिन सुबह 10 बजे तक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करें। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को समय पर कार्यालय पहुँचने तथा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। तकनीकी समस्या होने की स्थिति में एनआईसी से समन्वय कर त्वरित समाधान करने तथा विलंब से आने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध नोटिस जारी कर कार्रवाई करने की बात कही।

बैठक में कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सियान जतन दिवस के माध्यम से नियमित शिविर आयोजित कर वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविरों में पर्याप्त चिकित्सकीय अमले की तैनाती करते हुए शुगर, बीपी एवं हाइपरटेंशन की नियमित जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर डीएफओ निशांत कुमार, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, श्रीमती प्रेमलता यादव, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निर्माण कार्य में धीमी गति पर जताई नाराजगी
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि तहसीलदार, पटवारी एवं समितियों के माध्यम से किसानों से जुड़ी समस्याओं जैसे रकबा संशोधन एवं अन्य त्रुटियों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि मूल किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। बैठक के दौरान पसान में पीएचसी के पास स्वीकृत भवन के निर्माण कार्य में प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी को दो दिवस के भीतर कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश देते हुए कहा कि अन्यथा संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर अनुबंध समाप्त किया जाएगा।
लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने विद्युत विभाग को पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत प्रगति लाने, जनपद स्तर पर बैठक आयोजित कर सरपंच एवं सचिवों के माध्यम से अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा इस माह के भीतर लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी विभागों में बंद हो चुकी योजनाओं के अंतर्गत बैंक खातों को बंद कर इस माह तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश कोषालय अधिकारी को दिए गए। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवारा पशुओं एवं कुत्तों की सुरक्षा, भोजन एवं रहवास हेतु शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों, खेल परिसरों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर बाउंड्रीवाल अथवा फेंसिंग लगाने के निर्देश भी दिए गए। शिक्षा अधिकारी को अहाताविहीन विद्यालयों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
दुर्घटनाओं पर रोकथाम के दिए निर्देश
कलेक्टर ने आवारा कुत्तों के टीकाकरण एवं नसबंदी, अस्पतालों में एंटी रेबीज टीका एवं आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, तथा महत्वपूर्ण मार्गों पर आवारा मवेशियों के जमावड़े वाले स्थलों का चिन्हांकन कर दुर्घटनाओं की रोकथाम के निर्देश भी दिए। जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूली विद्यार्थियों के आधार आईडी पूर्ण करने, मिड-डे मील की ऑनलाइन प्रविष्टि, विद्यार्थियों के बायोमेट्रिक अपडेट हेतु शिविरों का शेड्यूल तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में डीएमएफ अंतर्गत कार्यों की मासिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने, डीएमएफ कर्मियों को समय पर वेतन भुगतान, युक्तियुक्तकरण के तहत जॉइन नहीं करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई, तथा गणतंत्र दिवस के गरिमामय आयोजन की तैयारियों सहित अन्य विषयों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करें : कलेक्टर

