रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी के रामकृष्ण केयर अस्पताल में हुए दर्दनाक सीवरेज टैंक हादसा के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पचपेड़ी नाका स्थित अस्पताल में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान तीन श्रमिकों की मौत के मामले में टिकरापारा थाना पुलिस ने स्वयं प्रार्थी बनकर ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी ठेकेदार की पहचान किशन सोनी के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ आगे की जांच जारी है।

बता दें कि घटना मंगलवार 17 मार्च की है, जब भाठागांव की बीएसयूपी कॉलोनी के रहने वाले तीन श्रमिक—प्रशांत कुमार (32), अनमोल मचकन (25) और गोविंद सेंद्रे (35)—सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए उसमें उतरे थे। बताया जा रहा है कि टैंक में मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में देर रात तक विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों के दबाव के बाद पुलिस ने देर शाम ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी उजागर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठेकेदार ने सफाई कार्य का जिम्मा तो लिया, लेकिन श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण—जैसे ऑक्सीजन मास्क, सेफ्टी बेल्ट और किट—उपलब्ध नहीं कराए। बिना किसी तकनीकी निगरानी के उन्हें सीधे खतरनाक टैंक में उतार दिया गया, जिससे यह हादसा हुआ।
सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान हादसा, जहरीली गैस से 3 सफाईकर्मियों की मौत

