कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने तिलकेजा उपार्जन केंद्र में खरीदी प्रक्रिया के दौरान गंभीर अव्यवस्थाएं पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कार्य में लापरवाही बरतने पर समिति प्रबंधक दुल्लीचंद धीवर को निलंबित करने के निर्देश दिए गए।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कोरबा एवं करतला विकासखंड के विभिन्न उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों में केवल वास्तविक किसानों से ही धान की खरीदी सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने समितियों को निर्देशित किया कि केंद्रों में लाए गए धान को अनिवार्य रूप से पलटी कर ढेरी लगाई जाए, नमी की जांच की जाए तथा पुराने एवं अमानक स्तर के धान की खरीदी पर पूर्णत: रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को धान विक्रय में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान भैंसमा, तिलकेजा एवं चिकनीपाली उपार्जन केंद्रों में चल रही खरीदी प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों एवं फड़ प्रभारियों से अब तक हुई खरीदी, पंजीकृत किसानों की संख्या, धान विक्रय करने वाले किसानों की संख्या, जारी टोकन, धान उठाव तथा बारदाना उपलब्धता की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही धान की नमी जांच एवं वजन कराकर मौके पर भौतिक सत्यापन भी किया।
कलेक्टर ने किसानों से संवाद कर टोकन प्राप्ति की प्रक्रिया, केंद्रों में उपलब्ध सुविधाएं, खेती की स्थिति, उगाई गई धान की किस्म एवं पैदावार की जानकारी भी ली। निरीक्षण के दौरान भैंसमा समिति में एक किसान के पास पुराना एवं अमानक स्तर का धान पाए जाने पर उसे जब्त करने के निर्देश दिए गए। तिलकेजा उपार्जन केंद्र में खरीदी प्रक्रिया के दौरान गंभीर अव्यवस्थाएं पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कार्य में लापरवाही बरतने पर समिति प्रबंधक दुल्लीचंद धीवर को निलंबित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा किसान युवराज सिंह के पास से बिचौलिये द्वारा उपलब्ध कराया गया अवैध धान विक्रय हेतु पाए जाने पर उसे मौके पर ही जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। चिकनीपाली उपार्जन केंद्र के निरीक्षण के दौरान बिना पलटी किए धान की खरीदी पाए जाने पर समिति प्रबंधक अजय कुमार को नोटिस जारी करते हुए खरीदी कार्य से पृथक रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही केंद्र में सीसीटीवी, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी जायजा लिया गया।
किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं है। उन्होंने सभी समितियों को शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही खरीदी करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही किसानों से अपील की कि वे बिचौलियों के धान विक्रय में किसी प्रकार का सहयोग न करें, जिससे वास्तविक किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे, जिला खाद्य अधिकारी जी.एस. कंवर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने पुनर्वास ग्रामों और सड़क निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

