रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें उत्तर प्रदेश के कौशांबी से हिरासत में लिया गया।

जानकारी के मुताबिक विनोद तिवारी एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कौशांबी पहुंचे हुए थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस की टीम ने वहां पहुंचकर दबिश दी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि उन्होंने 3 फरवरी को अपने सोशल मीडिया हैंडल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक विवादित पोस्ट साझा की थी, जिसके संबंध में दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।
गिरफ्तारी पर कांग्रेस की कड़ी प्रतिक्रिया
विनोद तिवारी की गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। पार्टी का आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पुराने सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर किसी नेता को दूसरे राज्य से गिरफ्तार करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। पार्टी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा सच से डरती है और वैचारिक लड़ाई को पुलिस के सहारे लडऩा कायरता है।
ट्रांजिट रिमांड पर ले जाया गया दिल्ली
विनोद तिवारी छत्तीसगढ़ कांग्रेस में पीसीसी के संयुक्त महामंत्री पद पर कार्यरत हैं। कांग्रेस ने उनकी गिरफ्तारी को आगामी चुनावों से पहले कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश बताया है। फिलहाल दिल्ली पुलिस उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लेकर दिल्ली रवाना हो गई है, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जाएगी।

