नई दिल्ली (एजेंसी)। गुजरात के राजकोट जिले के जेतपुर, धोराजी, उपलेटा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शुक्रवार सुबह भूकंप के लगातार झटके महसूस किए गए। एक के बाद एक आए इन भूकंपीय झटकों से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सुबह के समय करीब 7 बार धरती कांपी, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन ने एहतियातन स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी।
इंस्टीट्यूट ऑफ सिस्मोलॉजिकल रिसर्च के अनुसार, सबसे तेज भूकंप का झटका सुबह 6:19 बजे महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 3.8 मापी गई। इसके बाद सुबह 8:34 बजे तक कुल सात झटके दर्ज किए गए। बार-बार आ रहे झटकों से घबराए लोग अपने घरों से बाहर निकलकर खुले मैदानों और खेतों की ओर भागते नजर आए। हालांकि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
भूकंप के झटकों का समय और तीव्रता इस प्रकार रही
06:19 बजे: 3.8 तीव्रता
06:56 बजे: 2.9 तीव्रता
06:58 बजे: 3.2 तीव्रता
07:10 बजे: 2.9 तीव्रता
07:13 बजे: 2.9 तीव्रता
07:33 बजे: 2.7 तीव्रता
08:34 बजे: एक और झटका महसूस किया गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में सतर्कता बरतें।

