नई दिल्ली (एजेंसी)। देश की पहली सहकारी कैब टैक्सी सेवा भारत टैक्सी की शुरुआत दिल्ली और गुजरात के कुछ शहरों में हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में इस एप को लॉन्च किया। यह सेवा ड्राइवरों को निजी एग्रीगेटर कंपनियों के मॉडल से आजादी दिलाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
लॉन्चिंग के दौरान गृह मंत्री ने कहा कि भारत टैक्सी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें ड्राइवरों से कोई कमीशन नहीं लिया जाएगा। ड्राइवर इस प्लेटफॉर्म के केवल उपयोगकर्ता नहीं, बल्कि हिस्सेदार और मालिक होंगे। इसके अलावा, पीक आवर्स में यात्रियों को सर्ज प्राइसिंग यानी अतिरिक्त किराया भी नहीं देना होगा। भारत टैक्सी का ट्रायल 2 दिसंबर को दिल्ली और गुजरात के राजकोट में शुरू किया गया था, जो पूरी तरह सफल रहा।
ड्राइवरों को बीमा, शेयर और रिटायरमेंट सुविधाएं
लॉन्च के मौके पर अमित शाह ने एप के ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले ६ ड्राइवर्स, जिन्हें सारथी कहा गया है, को सम्मानित किया। इन ड्राइवर्स को कंपनी के शेयर सर्टिफिकेट दिए गए। साथ ही, उन्हें 5 लाख रुपये का एक्सीडेंटल इंश्योरेंस और 5 लाख रुपये का फैमिली हेल्थ इंश्योरेंस कवर भी प्रदान किया गया। इसके अलावा, प्लेटफॉर्म से जुडऩे वाले सभी ड्राइवर्स के लिए रिटायरमेंट सेविंग्स, ड्राइवर सपोर्ट सिस्टम और अन्य कल्याणकारी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।
जीरो कमीशन और सर्ज प्राइसिंग से राहत
फिलहाल निजी कैब कंपनियां जैसे ओला और उबर ड्राइवरों की कमाई से २० से ३० प्रतिशत तक कमीशन वसूलती हैं। इसके विपरीत, भारत टैक्सी जीरो-कमीशन मॉडल पर काम करेगी। यानी ड्राइवर की पूरी कमाई सीधे उसी के पास जाएगी। यात्रियों के लिए भी यह सेवा राहत भरी है, क्योंकि इसमें पीक ऑवर्स में ज्यादा किराया नहीं लिया जाएगा, जिससे टैक्सी सेवाएं किफायती रहेंगी।
दो साल में देशभर में विस्तार का लक्ष्य
भारत टैक्सी को अगले दो वर्षों में देश के सभी राज्यों और प्रमुख शहरों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसे सरकार के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ इंटीग्रेट किया जाएगा। दिल्ली में ड्राइवरों के लिए 7 प्रमुख स्थानों पर सपोर्ट सेंटर भी शुरू किए गए हैं। यह एक सदस्यता आधारित मॉडल है, जिसे सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड संचालित करेगा। इस संस्था की स्थापना जून में 300 करोड़ रुपये की पूंजी के साथ की गई थी। यह एप आधारित सेवा डिजिटल इंडिया पहल का हिस्सा है।

